फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जवां मर्द जैसा हो गया डेढ़ साल का बच्चा, घर वालों से लेकर डॉक्टर तक परेशान

Tue, 31 May 2016 05:31 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली के सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल में डेढ़ साल का बच्चा लाया गया है। उसे तकलीफ यह है कि वह इतनी छोटी सी उम्र में ही वयस्क हो गया है। उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर बाल आने लगे हैं। इतना ही नहीं, उसके गुप्तांग भी सामान्य बच्चे जैसे नहीं हैं, बल्कि पूरी तरह विकसित हो चुके हैं। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, डॉक्टरों का कहना है कि हारमोंस के असंतुलन की वजह से बच्चे की स्थिति ऐसी हो गई है। 
विज्ञापन


बच्चे की मां ने बताया, 'जब उसका जन्म हुआ तो उन्हें लगा कि वह सामान्य बच्चों से थोड़ा बड़ा है। लेकिन हम उसे डॉक्टर के पास नहीं ले गए। लेकिन जब वह एक साल का हुआ तो हमें लगा कुछ गलत हो रहा है। मेरी सास ने भी बच्चे के विकास को असामान्य बताया। इसके बाद हम उसे अस्पताल ले गए।'  

बच्चे को परिवारवाले जब अस्पताल लेकर गए, तब वह 18 महीने का हो चुका था। उसकी लंबाई इस उम्र के बच्चों की तुलना में 10 से 15 सेंटीमीटर ज्यादा है। शालीमार बाग स्थित मैक्स सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल की डॉक्टर वैशाखी रुस्तगी ने कहा कि बच्चा अभी इतना छोटा है कि उसे कुछ समझ नहीं आ रहा है। 
विज्ञापन


डॉक्टर वैशाखी ने बताया कि एक लाख में कोई एक बच्चा इस प्रकार की बीमारी से ग्रस्त होता है, जो कि बेहद खतरनाक है, क्योंकि बच्चा अपनी तकलीफ बता नहीं सकता है और पेरेंट्स को कुछ समझ नहीं आता, कि क्या हो रहा है।   

उन्होंने बताया कि हारमोंस का यह असंतुलन क्यों हुआ, इस बारे में जानने के लिए हम कुछ टेस्ट करा रहे हैं। इसके बाद हारमोन थैरेपी शुरू की जाएगी। इसके अलावा बच्चे को एक महीने में एक इंजेक्‍शन लगाया जाएगा, जिससे हारमोंस को संतुलित रखने में मदद मिलेगी। डॉक्टर का कहना है कि बच्चे को कम से कम 11 साल की उम्र तक इंजेक्‍शन लगाए जाने की जरूरत है।  

डॉक्टर वैशाखी ने बताया कि इस प्रकार की बीमारी से ग्रस्त बच्चे का अगर इलाज नहीं कराया गया तो वह हिंसक भी हो सकता है। ऐसा भी हो सकता है कि बचपन में बच्चे का विकास बहुत तेज हों, लेकिन कुछ साल बाद विकास होना रुक जाए और उसकी लंबाई 4 फीट तक ही रह जाए।    
बच्चे के माता-पिता ने बताया कि उसके इलाज पर उन्हें हर महीने 11 हजार रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंश्योरेंस कंपनी ने उनका क्लेम रिजेक्ट कर दिया है।  
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें