देश में जमीन खरीद विवादों में घिरे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किल बढ़ती नजर आ रही है। भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा है कि रॉबर्ट वाड्रा की लंदन स्थित संपत्ति की जांच होना जरूरी है।
इसलिए प्रवर्तन निदेशालय को जांच तेज करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वाड्रा ब्रिटिश नागरिकता लेने की कोशिश में हैं। स्वामी ने सरकार से इस मामले को लेकर जांच तेज करने की मांग की। भाजपा नेता ने कहा कि वाड्रा को ब्रिटिश नागरिकता मिलने के पहले सरकार को चौकन्ना रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वाड्रा की लंदन में बेनामी संपत्ति है। इसके पूरे प्रमाण हैं। संदेह की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि वाड्रा को जल्द ही निदेशालय पूछताछ के लिए बुला सकता है। गौरतलब है कि वाड्रा पर राजस्थान और हरियाणा में औने-पौने दाम पर कांग्रेस सरकार के दौरान कम दाम पर जमीन लेकर ऊंची कीमत पर बेचने के आरोप लगे थे इसके बाद कई जगह उनकी जमीनें भी जब्त कर ली गयीं थी। हालांकि मामले में अभी जांच जारी है। स्वामी अभी चीन में हैं और कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए जा रहे हैं।