मुंबई की लोकल ट्रेन में भीड़ और यात्रियों की धक्का-मुक्की के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला लोकल ट्रेन के मोटरमैन के केबिन में घुसने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। वीडियो को गोरेगांव रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा था, लेकिन रेलवे की जांच में इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में महिला ट्रेन के मोटरमैन केबिन के दरवाजे का हैंडल दोनों हाथों से पकड़े हुए दिखाई देती है। वह पीछे की तरफ झुककर दरवाजा खोलने और केबिन के अंदर जाने की कोशिश करती नजर आ रही है। महिला की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
वीडियो में महिला के नशे में होने का दावा
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि वीडियो में नजर आ रही महिला नशे में थी। हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाली गतिविधियों के आधार पर महिला के नशे में होने की पुष्टि नहीं की जा सकती। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
मोटरमैन का केबिन रेलवे का प्रतिबंधित क्षेत्र होता है, जहां आम यात्रियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होती। ऐसे में महिला को केबिन के दरवाजे पर इस तरह खड़े होकर अंदर जाने की कोशिश करते देख लोग हैरान हैं।
16 नवंबर को RPF से की गई थी शिकायत
इस वीडियो को लेकर 16 नवंबर को इंस्टाग्राम के जरिए रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) से शिकायत की गई थी। शिकायत में दावा किया गया था कि गोरेगांव रेलवे स्टेशन पर एक महिला लोकल ट्रेन के मोटरमैन के केबिन के बाहर खड़ी होकर अंदर जाने की कोशिश कर रही थी।
शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर सुभाष यादव और हेड कांस्टेबल विनायक कोरे ने स्टेशन मास्टर तथा राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के साथ मामले की जांच की। अधिकारियों ने स्टेशन कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी ऐसी घटना की पुष्टि नहीं की।
CCTV फुटेज में भी नहीं मिला कोई सबूत
जांच के दौरान आरपीएफ ने गोरेगांव स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। प्लेटफॉर्म के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के फुटेज देखे गए, लेकिन महिला के मोटरमैन के केबिन में घुसने की कोशिश का कोई दृश्य नहीं मिला। रेलवे अधिकारियों ने मिड-शिफ्ट और नाइट-शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की। मोटरमैन और ट्रेन के गार्ड की ओर से भी स्टेशन मास्टर के कार्यालय में ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
आरपीएफ के मुताबिक, गोरेगांव स्टेशन पर इस घटना के होने का कोई सबूत नहीं मिला है। वायरल वीडियो किस स्टेशन का है और महिला किन परिस्थितियों में केबिन में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी, इसकी जानकारी अभी तक सामने