बरात में लाइट थामें महिला के साथ उसका नन्हा बच्चा
- फोटो : @official__sahbaz__78
Viral Video: गरीबी की कोई उम्र नहीं होती। रोजी-रोटी के लिए इंसान कड़ी मेहनत करने के हर संभव प्रयास करता है। क्या करें यह पापी पेट ही है जो इंसान से हर तरह के काम करा लेता है। सोशल मीडिया पर हमें जीवन की कठोर सच्चाइयों से रूबरू कराता एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के दिलों को छू लिया है। इसमें जिम्मेदारी के बोझ से दबी एक ऐसी मां को दिखाया है, शायद जिसके पास अपने बच्चे को काम पर साथ ले जाने का अलावा कोई और चारा नहीं था।
Viral Video: हवा में घंटों लटका चोर, शटर में फंसी गर्दन, वीडियो देख उड़ जाएंगे आपके होश
वायरल वीडियो की शुरुआत एक शानदार शादी की बरात से होती है। जिसमें बैंड-बाजे की गूंज के बीच लोग मस्ती में झूमते नजर आ रहे हैं। इसी बीच कैमरे का फोकस एक महिला पर जाता है, जो बरात के भारी-भरकम रोशनी वाले खंभों को पकड़े चल रही होती है। तभी महिला के साथ कदम से कदम मिला कर चलता उसका नन्हा बच्चा भी नजर आता है। जिसे मजबूरी या जिम्मेदारियों का कोई एहसास नहीं, वो बस अपनी दुनिया में मस्त ढोल की थाप पर अपनी मां के पास ही खुशी से नाच रहा है।
बैंड-बाजे की गूंज के बीच जिम्मेदारियों का बोझ उठाती मां के इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है। वीडियो को अबतक कई हजारों लोगों ने देखा और लाइक भी किया है।
मजबूरी इंसान से क्या नहीं कराती, हालात और पेट की भूख इंसान को अपनी इच्छा के विरुद्ध वो काम करने को भी मजबूर कर देती है, जो वो कभी करना नहीं चाहता। तो वहीं बच्चे इतने मासूम होते हैं, जो समाज के लोभ-लालच से दूर छोटी-छोटी चीजों में भी खुशी ढूंढ लेते हैं।
दिल छू लेने वाले इस वीडियो पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। ऐसे में एक शख्स ने लिखा- जहां लोग हजारों रुपये शादियों में उड़ा रहे हैं, वहीं कुछ को अपने बच्चों के साथ ऐसी कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। तो वहीं कई लोगों ने इसे मां की अटूट ममता और संघर्ष का प्रतीक बताया।