मां को इस दुनिया में भगवान का दर्जा दिया गया है। यही नहीं, मां का प्यार हर बंधन से परे और हर भावना से गहरा होता है। उसकी दुनिया सिर्फ अपने बच्चों की मुस्कान में बसती है। मां सिर्फ ममता का ही नहीं, बल्कि प्यार सुरक्षा और साहस की मिसाल भी है। जब भी बात उसके बच्चों पर आती है तो मां किसी भी मुश्किल को झेल जाती है, लेकिन अपने बच्चे पर आंच तक नहीं आने देती है। हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो लोगों का दिल जीत रहा है। इस वीडियो में एक मां अपनी दो बेटियों की जान सांप से बचाने के लिए जो किया है, उसे देखकर आप भी हैरान हो जाएंगे। आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
वायरल हुआ यह वीडियो
हाल ही में इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हम देख सकते हैं कि एक महिला अपने घर के बाहर गेट के पास कपडे़ उठाने के लिए आती है। तभी उसकी नजर अपनी छोटी बच्ची पर पड़ती है, जो गमले के पास खेल रही थी, लेकिन तभी उसके सामने एक विषैला सांप आ जाता है। यही नहीं, महिला की दूसरी बेटी भी वहीं पास में खेल रही होती है। जैसे ही महिला इस खतरे को देखती है, वह बिना समय गंवाए अपनी बेटी को बचाने के लिए आगे बढ़ती है।
महिला ने ऐसे बचाई बेटियों की जान
महिला सबसे पहले तो अपनी पहली बेटी को वहां से दूर करने की कोशिश करती है, लेकिन बेटी डर जाती है और सांप के ऊपर ही कूदने लगती है। वीडियो में इस स्थिति को देखकर आप भी जरूर डर जाएंगे। इस दौरान महिला अपनी बेटी को बचाने के लिए बिना डरे उसे अपनी पीठ पर टांग लेती है और सबसे पहले एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाती है। इसके तुरंत बाद वह दोबारा आती है और अपनी दूसरी बेटी को भी गोद में उठा ले जाती है। महज 14 सेकंड में घटित इस पूरी घटना में एक मां की की बहादुरी और प्रेम की झलक साफ दिखाई देती है।
इंटरनेट पर वायरल हुआ मां का हौसला
यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो चुका है। करोड़ों लोग इसे देख चुके हैं। वहीं, लाखों लोगों ने इसे लाइक किया है और हजारों यूजर्स ने कमेंट कर इस मां की बहादुरी को सलाम किया है। सांप जहरीला हो या न हो, उसका काटना घातक हो सकता है। लेकिन इस मां ने बिना किसी झिझक के अपनी बेटियों की सुरक्षा को सबसे पहले रखा और खुद को किसी भी खतरे की परवाह किए बिना उन्हें बचा भी लिया।
लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर कई लोग इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "जब कुछ गलत होता है, तो लोग माता-पिता की आलोचना करने लगते हैं। लेकिन इस महिला ने जो किया, वह काबिले-तारीफ है। सबसे अच्छी बात यह है कि किसी को चोट नहीं आई।" दूसरे यूजर ने लिखा, "जब बात अपने बच्चों की सुरक्षा की आती है, तो एक मां निडर होकर किसी भी मुसीबत से लड़ने को तैयार रहती है।"