ट्रेन में सफर करते समय हर यात्री चाहता है कि उसका सफर आराम से और सुरक्षित तरीके से पूरा हो। खासकर जब कोई महंगे टिकट पर फर्स्ट एसी में सफर कर रहा हो, तो उसे थोड़ी ज्यादा प्राइवेसी की उम्मीद रहती है। लेकिन पाकिस्तान में ट्रेन से सफर कर रहे मलेशिया के एक कपल के साथ कुछ ऐसा हुआ कि वे घबरा गए। कपल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसवाला उनके केबिन में आकर उनकी चेकिंग करता नजर आता है। इस दौरान पुलिसवाला उनके सामान की तलाशी भी लेता है। वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिस के इस तरीके पर सवाल उठा रहे हैं।
फर्स्ट एसी केबिन में पहुंचा पुलिसवाला
यह मामला पाकिस्तान की ग्रीन लाइन ट्रेन का बताया जा रहा है। मलेशिया से पाकिस्तान घूमने आए लुइजा और एमोन लाहौर से कराची जा रहे थे। दोनों ने ट्रेन में फर्स्ट एसी में टिकट बुक किया था। इसी दौरान उनके केबिन में एक पुलिसवाला पहुंचता है और उनकी चेकिंग करने लगता है। अचानक हुई इस चेकिंग से कपल परेशान नजर आता है।
कपल भी हुआ हैरान
कपल के मुताबिक पहले एक व्यक्ति ने उनके पासपोर्ट की फोटो ली थी। इसके करीब 10 मिनट बाद पुलिसवाला उनके केबिन में पहुंच गया। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई। वीडियो में पुलिसवाले को कपल के बैग खोलकर सामान चेक करते और कपड़ों को सूंघते हुए देखा जा सकता है। इस पूरे घटनाक्रम ने कपल को हैरान कर दिया।
कपल ने पूछा- क्या पाकिस्तान में ऐसा आम है?
एमोन ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए अपने अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने लिखा कि ट्रेन के सफर में उन्हें ऐसी चीज की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने बताया कि वे ग्रीन लाइन ट्रेन से लाहौर से कराची जा रहे थे। पहले उनके पासपोर्ट की फोटो ली गई और फिर कुछ ही देर बाद यह घटना हुई। कपल के लिए यह अनुभव काफी परेशान करने वाला था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पाकिस्तान में ट्रेन के अंदर इस तरह चेकिंग करना आम बात है? उनका वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
पुलिस की चेकिंग पर लोगों ने उठाए सवाल
वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने पुलिस के चेकिंग करने के तरीके पर नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने इसे यात्रियों की प्राइवेसी में दखल बताया, तो कुछ ने पुलिसकर्मी के व्यवहार पर सवाल उठाए। एक यूजर ने चेकिंग के तरीके की तुलना जानवरों की तरह सामान सूंघने से की। वहीं, दूसरे यूजर ने इसे उत्पीड़न बताते हुए पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने की मांग की।
तलाशी लेनी की शुरू
कुछ लोगों का सवाल है कि जब यात्रियों के पासपोर्ट की जांच पहले ही की जा चुकी थी तो कुछ मिनट बाद इस तरह की तलाशी लेने की जरूरत क्यों पड़ी? हालांकि, केवल इस वीडियो के आधार पर चेकिंग की आधिकारिक वजह या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि नहीं की जा सकती। फिलहाल, इस घटना ने ट्रेन में सुरक्षा जांच और यात्रियों की प्राइवेसी को लेकर बहस छेड़ दी है।