शादी से पहले जब परिवार वालों और रिश्तेदारों को शादी का कार्ड बांटा जाता है तो सबकी नजर इन्विटेशन कार्ड पर ही होती है। आज-कल दूल्हा-दुल्हन भी अपनी शादी के कार्ड को लेकर काफी ज्यादा एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। हालांकि, आमतौर पर इन कार्डों में दूल्हा-दुल्हन का नाम, शादी की तारीख, समय और स्थान जैसी जरूरी जानकारी होती है, लेकिन आज कल लोग इन कार्डों को भी मजेदार और खास बनाने की कोशिश कर रहे हैं और इसमें नाम, पता के अलावा लोग अपनी पोस्ट भी लिखवाते हैं। हाल ही में, एक ऐसा ही अनोखा और मजेदार शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने लोगों को खूब हंसाया। आइए जानते हैं कि इस शादी के कार्ड में क्या लिखा हुआ था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शादी का कार्ड
इस खास कार्ड में बाकी सारी नॉर्मल जानकारी तो थी, लेकिन दूल्हे की एक विशेष योग्यता का जिक्र भी किया गया था, जो आमतौर पर शादी के कार्ड में नहीं लिखा जाता। कार्ड में दूल्हे का नाम महावीर कुमार दिया गया है। लेकिन उनके नाम के आगे जो लिखा है, उसने सभी का ध्यान खींचा, “बिहार पुलिस, फिजिकल क्वालिफाईड”, यानी उन्होंने बिहार पुलिस की शारीरिक परीक्षा पास की है। दुल्हन का नाम आयुष्मती कुमारी है।
लोगों ने कार्ड को देखकर लिए खूब मजे
यह कार्ड जैसे ही इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया, वैसे ही यह वायरल हो गया। लोगों ने इसे देखकर खूब मजे लिए और जमकर मजेदार कमेंट्स किए। एक यूजर ने मजाक में लिखा, “मैंने JEE मेन्स क्वालीफाई कर लिया है, अब एडवांस की तैयारी कर रहा हूं।” एक दूसरे यूजर ने कहा, “मैं भी कार्ड में लिखवाऊंगा, झारखंड एक्साइज पुलिस फिजिकल क्वालिफाई।” एक और यूजर ने लिखा, “हमारा कार्ड होगा, बिहार पुलिस डिसक्वालिफाइड।” वहीं एक और यूजर ने लिखा, “हम भी छपवाएंगे, दो बार फाइनल मेरिट से बाहर, एक बार फिजिकल पास, दो बार लिखित परीक्षा पास।”
मनोरंजन का हिस्सा बन गया है शादी का कार्ड
बता दें कि इस कार्ड की सबसे खास बात यह थी कि दूल्हे ने अपनी मेहनत और उपलब्धि को शादी के कार्ड में मजेदार अंदाज में शामिल किया, जिससे आम लोगों को भी जोड़ा जा सके। इस शादी के कार्ड को देखकर यह एक बात साफ है कि अब शादी के कार्ड केवल सूचना और जानकारी देने तक सीमित नहीं रह गए हैं। लोग अब इन्हें अपनी उपलब्धियों को दिखाने और थोड़ी मस्ती-मजाक करने का जरिया भी बना रहे हैं।