22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने एक भयावह हमला किया, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। यह हमला उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में पर्यटक पहलगाम की खूबसूरती देखने आए थे। आतंकियों ने सीधे इन निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाया, जिससे पूरे देश में शोक और आक्रोश की लहर फैल गई। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे भारत में गुस्सा साफ देखा गया। आम लोग, राजनीतिक नेता और सामाजिक संगठनों ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा की। हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन सिंदूर” नामक सैन्य अभियान की शुरुआत की।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ड्रोन हमलों की खबरों के बीच, भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों की एक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। उन्होंने एक थाली में ड्रोन के आकार के पकौड़ों की तस्वीर साझा की, जिसे देखकर लोगों ने इसे भारतीय एयर डिफेंस रेजिमेंट का 'नया नाश्ता' करार दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
इस तस्वीर में तीन पकौड़े ड्रोन जैसी आकृति में सजाए गए हैं। तस्वीर के साथ जनरल ढिल्लों ने कैप्शन लिखा, "ड्रोन पकौड़े, एयर डिफेंस रेजिमेंट में नया स्नैक। जय हिंद।" यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और खबर लिखे जाने तक इसे 7 लाख से अधिक बार देखा जा चुका था, जबकि 16 हजार से अधिक लोगों ने इसे पसंद किया है।
पोस्ट को खूब किया जा रहा है पसंद
यह पोस्ट ऐसे समय में सामने आई है जब पाकिस्तान की ओर से लगातार ड्रोन घुसपैठ की खबरें आ रही हैं। भारत ने हर बार इन हमलों का तगड़ा जवाब दिया है और कई पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है। ऐसे माहौल में यह पोस्ट एक गंभीर मुद्दे को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करने का तरीका बन गई।इस मजेदार पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी राय रखी। पूर्व आईपीएस अधिकारी गुरिंदर ढिल्लों ने हंसी-ठिठोली करते हुए लिखा, "सभी पंजाबी भाइयों को सलाह दी जाती है कि वे तुर्की-चीनी मूल की यह 'ड्रोन पकौड़े' डिश खाना शुरू करें, ताकि एयर डिफेंस रेजिमेंट को पूरा समर्थन मिल सके। हमें अपने रक्षा बलों पर गर्व है।"
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
एक सोशल मीडिया यूजर राज शुक्ला ने लिखा, "भारतीय एयर डिफेंस रेजिमेंट को चाहिए कि 'ड्रोन पकौड़े' का पेटेंट करवा लें, वरना कोई होशियार व्यापारी इसे अपना बना लेगा।" यह पोस्ट भले ही हंसी-मजाक के अंदाज में आई हो, लेकिन इसमें भारतीय सेना की सतर्कता और ताकत को क्रिएटिव ढंग से दर्शाया गया है।