मणिपुर में 11 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के अलग-अलग जिलों से सुरक्षाबलों ने 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों पर जबरन वसूली के आरोप हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को इंफाल पश्चिम, काकचिंग, विष्णुपुर और थोबल जिलों से कम से कम 11 उग्रवादी गिरफ्तार किए गए। पकड़े गए सभी उग्रवादी प्रतिबंधित संगठन कांगलीपक कम्युनिस्ट पार्टी (एमसी प्रोग्रेसिव) के सदस्य हैं। इनके पास से दो पिस्टल और 27 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
हैदराबाद में कराची बेकरी का नाम बदलवाने के लिए प्रदर्शन
हैदराबाद में कराची बेकरी के नाम को लेकर जारी विवाद गहराता जा रहा है। शहर में कई जगहों पर बेकरी के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। 10-15 लोगों ने शनिवार दोपहर शमशाबाद स्थित कराची बेकरी स्टोर के सामने एकत्र होकर पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए। इस दौरान स्टोर के नाम वाले बोर्ड को डंडों से मार तोड़ने की कोशिश की गई। एक वायरल वीडियो में बोर्ड को कपड़ों की मदद से आंशिक रूप से ढक दिया गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बेकरी का नाम पाकिस्तानी शहर कराची के नाम पर है। इसलिए इसका नाम बदला जाना चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने बेकरी पर दुश्मन देश के साथ जुड़ाव का भी आरोप लगाया। हालांकि, कराची बेकरी ने इसका खंडन किया और कहा कि वह 100 फीसदी भारतीय ब्रांड है और हमें गर्व है कि हम भारतीय हैं।
बंगाल में आर्मी कैंप के पास बांग्लादेशी घुसपैठिया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में आर्मी कैंप के पास से एक बांग्लादेशी घुसपैठिये को गिरफ्तार किया गया है। वह कई महीने पहले सीमा पार कर अवैध रूप से भारत प्रवेश कर गया था।
एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि घुसपैठिया बांग्लादेश के रंगपुर जिले का निवासी है। उसे शनिवार को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में लिया और बागडोगरा पुलिस को सौंप दिया। भारत में प्रवेश के वैध दस्तावेज नहीं प्रस्तुत कर पाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच जारी है।