रामगढ़ झारखंड से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें प्रेम विवाह का खामियाजा एक लड़की को अपनी जान पर बन आया। देवरिया उत्तर प्रदेश की खुशबू कुमारी ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर गोरखपुर के शंकर से शादी की थी। शादी के बाद दोनों घूमने के लिए झारखंड आए थे और कई धार्मिक जगहों का दौरा किया। लेकिन वापसी के दौरान शंकर ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी घटना के बारे में बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबर
जानकारी के अनुसार पतरातू स्टेशन के पास किरिगढ़ा गांव के नजदीक बुधवार रात दोनों बनारस-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन से लौट रहे थे। इसी दौरान शंकर ने खुशबू से मीठी बातें कर उसे ट्रेन के दरवाजे तक बुलाया और फिर धक्का देकर नीचे गिरा दिया। चलती ट्रेन से गिरने के बाद खुशबू खून से लथपथ हालत में एक नाले में जा गिरी। गांववालों ने उसे इस हाल में देखा और तुरंत रेलवे पुलिस बल को सूचना दी।
पति ने दिया पत्नी को धक्का
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी आकाश पासवान और गांववालों ने मिलकर खुशबू को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, खुशबू की पसलियां टूटी हुई हैं और उसके पैरों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
पत्नी की हालत नाजुक
होश में आने के बाद खुशबू ने बताया कि उसने एक साल पहले शंकर से प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से शंकर का बर्ताव खराब हो गया था और वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। उसने बताया कि शंकर ने उसे ट्रेन के दरवाजे तक बुलाया और अचानक धक्का दे दिया। खुशबू ने शंकर के पैर पकड़ने की भी कोशिश की, लेकिन शंकर ने बेरहमी से उसे नीचे गिरा दिया।
बहन ने कही यह बात
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शंकर की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खुशबू की बहन ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उसकी बहन ने परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर यह शादी की थी और अब उसका परिणाम सबके सामने है।