टारगेट पूरा नहीं हुआ तो बॉस ने दिया खौफनाक फरमान
- फोटो : AI
ऑफिस में टारगेट पूरा करने का दबाव कोई नई बात नहीं है, लेकिन चीन से सामने आया एक मामला काम के तनाव और कर्मचारियों के साथ व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। हांगझोऊ शहर में एक महिला कर्मचारी को रोजाना का टारगेट पूरा नहीं करने पर कथित तौर पर 200 उठक-बैठक करने या 50 युआन जुर्माना देने का विकल्प दिया गया। पैसे नहीं होने के कारण महिला ने उठक-बैठक की, लेकिन इसके बाद उसकी तबीयत इतनी बिगड़ी कि उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। तो आइए जानते हैं।
टारगेट नहीं हुआ पूरा तो मैनेजर ने दिया अजीब फरमान
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 जुलाई को यांग नाम की कर्मचारी अपना डेली टारगेट पूरा नहीं कर सकी थी। इसके बाद उसके मैनेजर ने उससे कहा कि वह 50 युआन का जुर्माना दे या फिर 200 स्क्वैट्स करे। यांग की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसके पास जुर्माना भरने के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे में उसने ऑफिस में ही 200 उठक-बैठक की। इस दौरान वह रोती रही। इतना ही नहीं, मैनेजर के कहने पर उसने इसका वीडियो बनाकर सबूत के तौर पर भेजा।
पांच दिन तक सहती रही दर्द
200 स्क्वैट्स करने के बाद यांग के पैरों में इतना दर्द होने लगा कि उसके लिए ठीक से चलना भी मुश्किल हो गया। इसके बावजूद उसने करीब पांच दिनों तक दर्द सहा। लेकिन जब उसके पेशाब का रंग काला-भूरा होने लगा तो वह घबरा गई और अस्पताल पहुंची। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि यांग रैबडोमायोलिसिस नाम की गंभीर बीमारी की चपेट में आ गई है। ज्यादा शारीरिक दबाव के कारण उसकी मांसपेशियां टूटने लगी थीं और उनसे निकलने वाला जहरीला पदार्थ खून में पहुंच गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज नहीं मिलता तो उसकी किडनी फेल होने का खतरा था।
नौकरी छोड़ी, मुआवजा मांगा तो मिली धमकी
तबीयत बिगड़ने के बाद यांग ने नौकरी छोड़ दी। इसके बाद उसने इलाज के खर्च और मुआवजे के तौर पर कंपनी से 15 हजार युआन की मांग की। हालांकि, मैनेजर ने पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बजाय उसे कोर्ट जाने की धमकी दी गई। अब यांग ने मामले को लेकर श्रम विभाग और मीडिया का रुख किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के कानून में कर्मचारियों को शारीरिक सजा देना गैर-कानूनी है। इस मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि काम का दबाव बढ़ाने के नाम पर कर्मचारियों से किस हद तक व्यवहार किया जा सकता है।