Viral Video Reality: हाथी दुनिया के सबसे बड़े जीवों में से एक है। अक्सर किसी भी भारी भरकम जीवों की तुलना हाथी से ही की जाती है। आए दिन हाथी से संबंधित इंटरनेट पर कई वीडियो वायरल होते रहते हैं। आमतौर पर इन वीडियो में हाथी किसी न किसी तरह का नुकसान पहुंचा रहा होता है। मगर इन दिनों हाथी से संबंधित एक और वीडियो सोशल मीडिया मीडिया पर वायरल हो रहा है, बेहद अनोखा है। इस वीडियो में हाथी डांस करता हुआ नजर आ रहा है, मगर एक आईएफएस अधिकारी ने इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बताया है कि हाथी डांस नहीं कर रहा है बल्कि वो तनाव की वजह से अपना सिर हिला रहा है। आइए इस वीडियो के बारे में विस्तार से जानते हैं।
वीडियो में क्या है?
दरअसल, वायरल हो वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लड़कियां भरतनाट्यम करती हुई नजर आ रही हैं। इन दोनों लड़कियों के पीछे एक हाथी दिख रहा है, जो वीडियो में चल रहे गाने के अनुसार अपना सिर और सूंड हिला रहा है। अगले ही फ्रेम में एडिटिंग के माध्यम से हाथी पर फोकस करके यह दावा किया जा रहा है कि हाथी भी भरतनाट्यम कर रहा है। खास बात यह है कि इस वीडियो को 12 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, लोग इसपर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। इसी कड़ी में इस वीडियो पर आईएफएस अधिकारी परवीन कासवान ने भी प्रतिक्रिया दी है।
आईएफएस अधिकारी की प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर भारतीय वन सेवा के अधिकारी परवीन कासवान ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि हाथी तनाव में है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आगे लिखा कि हाथी का इस तरह से सिर हिलाना डांस करने का संकेत नहीं है, बल्कि यह हाथी का तनाव में होने का संकेत है। उदाहरण के लिए उन्होंने साथ में एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें स्पष्ट देखा जा सकता है कि एक मादा हाथी सुनसान जंगल में अपने छोटे से बच्चे के साथ खड़ी है और वैसे ही सिर हिला रही है। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा कि- "मैंने कुछ महीने पहले इस मादा हाथी की वीडियोग्राफी की थी। उसने अपने बच्चे को जन्म दिया और हमारी उपस्थिति के कारण तनाव महसूस कर रही थी। हमें जानवरों का मानवीकरण करने की जरूरत नहीं है। उनके जीने और अभिव्यक्ति का अपना तरीका है।"