ठाणे जिले में वेश्यावृत्ति का कारोबार करने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज, एक को बचाया
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 55 वर्षीय एक महिला के खिलाफ कथित तौर पर वेश्यावृत्ति का कारोबार करने का मामला दर्ज किया है। साथ ही एक को उसके चंगुल से मुक्त कराया है।
अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी शहर की पुलिस ने बुधवार को हनुमान टेकड़ी इलाके के एक कमरे पर छापा मारा, जहां उन्हें 22 वर्षीय नेपाली महिला मिली, जिसका आरोपी शोषण कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी भी नेपाल का रहने वाला है और वह युवती को वेश्यावृत्ति में धकेलने के लिए भारत लाया था।
उन्होंने बताया कि बचाई गई 22 साल की महिला को मुंबई के बाहरी इलाके उल्हासनगर में एक महिला पुनर्वास गृह में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक तस्करी (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है
रिटायर्ड पुलिसकर्मी से 20 लाख रुपये की ठगी
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक (एसपी) से भूमि सौदे को लेकर 20 लाख रुपये की कथित तौर पर ठगी करने का मामला सामने आया है। महात्मा फुले चौक पुलिस को दी अपनी शिकायत में पूर्व अधिकारी ने कहा कि उसने दिसंबर 2018 और जनवरी 2024 के बीच पैसे खर्च किए। आरोपियों में एक दंपती, उनका नौकर और व्यक्ति का बहनोई शामिल है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी कुछ जमीन खरीदने के लिए आरोपी के संपर्क में था। आरोपियों ने उससे 20 लाख रुपये लिए और मालिकाना हक मंजूरी का एक मनगढ़ंत दस्तावेज पेश किया। पूर्व एसपी को जब यह महसूस हुआ कि दस्तावेज फर्जी है तो शिकायतकर्ता ने अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया। आरोपियों पर पुलिस अधिकारियों सहित कुछ और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का संदेह है।