दिल्ली मेट्रो अब सिर्फ एक ट्रांसपोर्ट सिस्टम नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया के शॉर्ट वीडियो क्रिएटर्स के लिए कंटेंट क्रिएशन स्पॉट बन गई थी। हर दिन मेट्रो के डिब्बों में कोई गाना गाता दिखता है, कोई डांस करता है, और तो और कई लोग इसे म्यूजिक वीडियो की शूटिंग स्पॉट बना देते हैं। ऐसी हरकतों से अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन डीएमआरसी ने सख्ती से निपटने का फैसला लिया है। तो आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
दिल्ली मेट्रो की पोस्ट वायरल
डीएमआरसी ने यात्रियों को स्पष्ट संदेश देते हुए एक निर्देश जारी किया है कि मेट्रो ट्रेन और स्टेशन किसी भी प्रकार की शूटिंग के लिए नहीं हैं। इनका इस्तेमाल सिर्फ सुरक्षित यात्रा के लिए किया जाना चाहिए। ये कदम तब उठाया गया जब लगातार लोग मेट्रो में रील्स बनाते और इंटरनेट पर शेयर करते देखे गए। डीएमआरसी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा, “मेट्रो यात्रा के लिए है, ट्रेंड्स के लिए नहीं।” उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि कुछ सेकंड की शोहरत से ज्यादा जरूरी है एक शांत, आरामदायक और सुरक्षित सफर।
डीएमआरसी ने साझा किया पोस्टर
इस संदेश को शानदार तरीके से प्रस्तुत करते हुए डीएमआरसी ने कुछ दिलचस्प पोस्टर भी साझा किए हैं। एक पोस्टर में एक व्यक्ति मेट्रो स्टेशन पर गिटार बजा रहा है और लिखा है, “आपकी परफॉर्मेंस मेट्रो से बड़े मंच की हकदार है।” वहीं एक दूसरे पोस्टर में एक लड़की डांस करती नजर आ रही है और नीचे लिखा है ,“नाचो जैसे कोई नहीं देख रहा लेकिन मेट्रो में नहीं।” डीएमआरसी का मानना है कि इस तरह की चीजें यात्रियों को असुविधा पहुंचाती हैं, मेट्रो की स्पीड में रुकावट पैदा कर सकती हैं और कभी-कभी यह सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक हो सकती हैं। इन निर्देशों को और प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों पर रंग-बिरंगे पोस्टर लगाए गए हैं ताकि यात्रियों को नियमों के बारे में जागरूक किया जा सके।
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर डीएमआरसी की इस मुहिम को लोगों का समर्थन मिल रहा है। एक यूजर ने कहा, “मेट्रो में रील बनाने वालों पर जुर्माना लगना चाहिए।” जबकि दूसरे यूजर ने सुझाव दिया – “ये संदेश हर कोच में साफ-साफ लिखा होना चाहिए।” डीएमआरसी ने साफ कर दिया है कि अगर लोग इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लेंगे तो भविष्य में सख्त कदम उठाए जाएंगे। बता दें कि कुल मिलाकर दिल्ली मेट्रो अब यह देखना चाहती है कि यह सुविधा यात्रियों के सफर के लिए बनी रहे, ना कि किसी का वायरल वीडियो शूट करने की जगह।