बेंगलुरु के बन्नेर्घट्टा इलाके में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर कबाब की दुकान में जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि दुकान में काम कर रहे तीन कर्मचारी गर्म तेल से बुरी तरह झुलस गए। कार की टक्कर से दुकान में कबाब तलने के लिए रखी गर्म तेल से भरी कढ़ाई पलट गई और उसका तेल कर्मचारियों पर गिर गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें कार को तेज रफ्तार में दुकान के अंदर घुसते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार पर लर्नर का बोर्ड लगा हुआ था और उसे एक महिला चला रही थी। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बन्नेर्घट्टा इलाके में सड़क किनारे एक कबाब का रेस्तरां है। यहां रोज की तरह कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे। कुछ लोग दुकान के बाहर खड़े थे तो कुछ अंदर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार कार सड़क से अनियंत्रित होकर दुकान की तरफ बढ़ी। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, कार सीधे रेस्तरां के काउंटर में जा घुसी।
पहले दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर, फिर दुकान में घुसी कार
बेंगलुरु ग्रामीण जिला पुलिस के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया था। कार ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी। इसके बाद वह सीधे कबाब की दुकान के काउंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान में कबाब तल रहे कर्मचारी के पास रखी गर्म तेल से भरी कढ़ाई पलट गई। देखते ही देखते गर्म तेल वहां काम कर रहे लोगों पर गिर गया। इस वजह से दुकान में मौजूद तीन कर्मचारी झुलस गए।
तीन कर्मचारियों पर गिरा गर्म तेल
तीनों गर्म तेल की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। अचानक हुई इस घटना से दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
महिला चला रही थी कार, पुलिस ने वाहन जब्त किया
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे के समय कार एक महिला चला रही थी। कार पर 'एल' यानी लर्नर का बोर्ड भी लगा हुआ था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और महिला चालक को औपचारिक नोटिस जारी किया है। फिलहाल बन्नेर्घट्टा पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया।
पहले भी सामने आ चुका है कर्नाटक में सड़क हादसा
कर्नाटक में इससे पहले भी सड़क हादसे की एक बड़ी घटना सामने आई थी। सितंबर महीने में मैसूर-बेंगलुरु एक्सप्रेस वे पर यात्रियों से भरी एक बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद एक्सप्रेस वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ था।
वायरल: न पेट्रोल पंप का चक्कर, न नई बाइक का खर्च; लड़के ने साइकिल में फिट कर दिया इंजन