कार के डोनट पर स्टंट कर रहे थे लड़के
- फोटो : एक्स@bandrabuzz
चार पहियों वाली गाड़ियां सफर के दौरान लोगों को सुरक्षित रखने के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन कुछ लोग इन्हें स्टंट का जरिया बना लेते हैं। महाराष्ट्र से सामने आई एक घटना ने फिर से यह दिखा दिया कि रील्स और वायरल वीडियो के चक्कर में लोग अपनी सुरक्षा को कितनी आसानी से नजरअंदाज कर देते हैं। वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक चलती कार के बोनट पर लेटा हुआ नजर आता है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वाकया मुंबई के बांद्रा इलाके का बताया गया है। देर रात रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में एक शख्स तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार के बोनट पर लेटा दिख रहा है। वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ, लोगों ने इसकी आलोचना शुरू कर दी और मुंबई पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। मुंबई पुलिस ने भी कमेंट सेक्शन में जवाब देते हुए कहा कि इस मामले में एक्शन लिया जाएगा। क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि युवक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहा है। महज चार सेकंड के इस वीडियो में कार तेज रफ्तार से चल रही है और शख्स बिना किसी चिंता के बोनट पर लेटा है। हालांकि फुटेज में न तो गाड़ी का नंबर साफ नजर आता है और न ही युवक का चेहरा स्पष्ट रूप से दिख रहा है। इसके बावजूद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
यूजर्स ने किया पुलिस को टैग
@bandrabuzz नाम के एक X हैंडल ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि 7 जून को रात करीब 12:27 बजे कार्टर रोड पर यह खतरनाक स्टंट देखा गया। उन्होंने लिखा कि इस तरह की लापरवाही से गंभीर सुरक्षा खतरे पैदा हो सकते हैं और यह ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग करता है। इसके बाद उसी यूजर ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए अनुरोध किया कि ऐसे खतरनाक व्यवहार के खिलाफ कार्रवाई की जाए, इससे पहले कि यह किसी बड़े हादसे की वजह बन जाए।
वीडियो देख भड़के यूजर्स
मुंबई पुलिस ने इस ट्वीट के जवाब में बताया कि उन्होंने खार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले से अवगत करा दिया है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने भी आगे आकर जानकारी दी कि बांद्रा ट्रैफिक डिवीजन को कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है। इस स्टंट को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जमकर नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा, उम्मीद है कि कार्टर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह सब कैद हो गया होगा, जिससे युवक की पहचान की जा सके। वीडियो देख लोगों ने सोशल मीडिया पर कहा इस पूरी घटना ने यह साबित कर दिया है कि कुछ लोगों के लिए स्टंट और वायरल होने की चाह इतनी ज्यादा है कि वे अपने साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डालने से पीछे नहीं हटते। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की ओर से अब इस पर कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।