लंदन के ब्रिक लेन इलाके के एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट में तीखे खाने के शौकीनों के लिए एक चुनौती तब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई, जब एक युवक ने दुनिया की सबसे तीखी करी खाने का प्रयास किया और सीधा अस्पताल पहुंच गया। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर खूब चर्चा कर रहे हैं। लोग युवक का खूब मजाक भी उड़ा रहे थे। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह दिखाया गया है कि एक युवक ने इतनी तीखी करी खा ली कि उसके पूरे शरीर में तेजी जलन होने लगा था। आपको बता दें कि यह मामला ब्रिक लेन स्थित ‘बंगाल विलेज’ रेस्टोरेंट का है, जो दुनिया की सबसे तीखी करी परोसने का दावा करता है। यहां 2500 रुपये की इस बेहद तीखी करी को केवल 15 मिनट के भीतर खत्म करने वाले को फ्री में डिश देने का ऑफर दिया जाता है। हालांकि, रेस्टोरेंट पहले ही साफ चेतावनी दे देता है कि इस चैलेंज से किसी भी तरह के नुकसान की जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी।
तीखी करी खाते हुए तुरंत बिगड़ी युवक की तबीयत
इस चैलेंज को डेनियल नाम के युवक ने स्वीकार किया, लेकिन करी का कुछ हिस्सा खाते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे परेशानी में देख रेस्टोरेंट के मालिक राज तुरंत उसके पास पहुंचे और उसे एक स्पेशल ड्रिंक दी, जो आम की लस्सी जैसी थी। यह ड्रिंक शरीर में तीखेपन को कम करने के लिए तैयार की गई थी। वीडियो में राज डेनियल को समझाते दिखे कि यह ड्रिंक उसकी तकलीफ कम करने में मदद करेगी।
रेस्टोरेंट मालिक ने दी चेतावनी
वीडियो में यह भी देखा गया कि रेस्टोरेंट के मालिक ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि यह करी कोई नॉर्मल डिश नहीं, बल्कि एक तीखा चैलेंज है, जिसे पूरा करना आसान नहीं है। इसके बावजूद रोजाना कई लोग इसे आजमाने यहां आते हैं, लेकिन डेनियल की घटना ने साबित कर दिया कि ऐसे चैलेंज लेने से पहले उसके खतरों को समझना जरूरी है।
72 तीखे मसालों से बनाई गई है करी
इस करी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाने में दुनिया भर के 72 तीखे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें नागा चिली, बर्ड्स आई चिली और बांग्लादेश की स्नेक चिली जैसी दुनिया की सबसे तीखी मिर्चें शामिल हैं। इन मसालों की वजह से करी इतनी तीखी हो जाती है कि कई लोग इसे केवल सूंघने भर से ही घबरा जाते हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो को एक्स पर @NoContextHumans नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और इसे अब तक 6 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “लोग ऐसे खतरनाक चैलेंज सिर्फ पब्लिसिटी के लिए बनाते हैं ताकि कोई उन्हें पूरा ही न कर पाए।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “ये लड़का शायद अब दोबारा वहां जाने की हिम्मत नहीं करेगा।”