दोस्त के जाने के बाद भी नहीं बदला रिश्ता
- फोटो : इंस्टाग्रामanchor.hostt
दोस्ती सिर्फ साथ घूमने-फिरने या हंसी-मजाक करने का नाम नहीं है। असली दोस्ती वह होती है, जो मुश्किल वक्त में भी साथ निभाए। कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जो किसी के दुनिया से चले जाने के बाद भी खत्म नहीं होते। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी बात की मिसाल पेश कर रहा है। इसमें एक सब्जी वाले अंकल अपने दिवंगत दोस्त के बेटे से आज भी पैसे नहीं लेते। उनका यह प्यार देखकर लोग भावुक हो रहे हैं। तो आइए जानते हैं।
स्कूटी की डिग्गी में भरी थीं सब्जियां, फिर भी पैसे लेने से किया इनकार
डिजिटल क्रिएटर भावेश जब अपने पिता के दोस्त की दुकान पर पहुंचते हैं तो अपनी स्कूटी दिखाकर बताते हैं कि उसकी डिग्गी सब्जियों से भरी हुई है। लेकिन सब्जी वाले अंकल उनसे पैसे लेने को तैयार नहीं होते। भावेश बताते हैं कि ये अंकल उनके पिता के दोस्त हैं और दोनों की दोस्ती करीब 30-35 साल पुरानी है। भावेश के मुताबिक उनके पिता साल 2013 में दुनिया को अलविदा कह गए थे। इसके बावजूद सब्जी वाले अंकल आज तक उनके परिवार से पैसे नहीं लेते। जब भावेश उनसे पूछते हैं कि वह पैसे क्यों नहीं लेते तो अंकल मुस्कुराते हुए कहते हैं, 'अरे, घर में ही तो जा रहे हैं। घर के पैसे नहीं होते।'
अंकल की आंखों में भर जाते हैं आंसू
अंकल की यह बात सुनकर भावेश उनके पैर छूते हैं और वहां से आगे बढ़ जाते हैं। इस दौरान अंकल अपनी आंखें छिपाने की कोशिश करते नजर आते हैं। उनकी आंखों में आंसू होते हैं, जिन्हें वह किसी तरह रोक रहे होते हैं। यही पल वीडियो देखने वालों को सबसे ज्यादा भावुक कर रहा है।
कभी बगल में लगती थीं दोनों की दुकानें, आज भी जिंदा है दोस्ती
भावेश ने अपनी एक दूसरी वीडियो में बताया कि सब्जी वाले अंकल की दुकान के ठीक बगल में उनके पिता की भी सब्जी की दुकान हुआ करती थी। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। शायद यही वजह है कि इतने साल बीत जाने के बाद भी अंकल अपने दोस्त के परिवार को पराया नहीं मानते। भावेश जब दोबारा उनसे मिलने जाते हैं तो उनके लिए पसंदीदा कढ़ी-चावल भी लेकर पहुंचते हैं।
वीडियो देख लोगों ने कही दिल छू लेने वाली बातें
इस वीडियो पर लोग जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि अंकल इस दुनिया से कमाकर गए हैं। दूसरे ने कहा कि उनकी आंखें पूरी कहानी बयां कर रही हैं। वहीं, एक यूजर ने लिखा, 'मर्द और उनकी दोस्तियां।' एक और यूजर ने कहा कि इसी को तो प्यार कहते हैं।