सारण के राजापट्टी रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को रेल हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
सारण का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत साढा ढाला गांव निवासी ओम प्रकाश राय के पुत्र शिवम कुमार उर्फ दीपक के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शिवम कुमार गोपालगंज से छपरा लौट रहा था। इसी क्रम में वह ट्रेन संख्या 55109 थावे-छपरा पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजापट्टी रेलवे स्टेशन के समीप किसी कारणवश वह ट्रेन की चपेट में आ गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक हादसे का शिकार हुआ या किसी अन्य परिस्थिति में ट्रेन की चपेट में आया है।
ये भी पढ़ें:
निर्विरोध चुने गए विधान परिषद के 10 उम्मीदवार, जानें सर्टिफिकेट लेने कौन-कौन पहुंचे सदन?
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार, शिवम कुमार अविवाहित था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं मोहल्ले और परिचितों के बीच भी शोक की लहर व्याप्त है। वहीं, रेलवे पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।