Bihar News: बेतिया में किसी की खुशी को कैमरे में कैद कर यादगार बनाने गए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है। घटना जिले के बेतिया-मोतिहारी मुख्यपथ स्थित नानोसती चौक की है। वहीं मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत परसाइन गांव निवासी शंभू शाह के पुत्र राजेश कुमार (19) के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक वीडियोग्राफी का काम करता था और वह एक शादी समारोह में वीडियोग्राफी करने के लिए गया हुआ था। इस दौरान वो मंगलवार की सुबह अपने घर को लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात वाहन मृतक को रौंदता हुआ फरार हो गया।
विज्ञापन
पुलिस जांच में जुटी
सुनसान जगह होने के कारण किसी को भी दुर्घटना की जानकारी नहीं मिली। घंटों युवक सड़क पर छटपटाता रहा। जिसके बाद लोगों की नजर घायल युवक पर पड़ी। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना मझौलिया पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची ने युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। वहीं बेतिया जीएमसीएच जाने के बाद डाॅक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इधर, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।