भभूआ जिले के कैमूर शहर के एकता चौक स्थित जायका रेस्टोरेंट से पनीर और मंचूरियन खाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य की तबीयत खराब हो गई। जानकारी के अनुसार, तीन दोस्तों ने पनीर और मंचूरियन मंगाकर खाना शुरू किया। खाने के तुरंत बाद तीनों को उल्टी होने लगी। परिजनों तीनों को सदर अस्पताल, भभुआ लेकर गए, जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य दोस्तों की हालत गंभीर है।
विशाल कुमार के रूप में हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई, जो भभुआ का निवासी था। मृतक के भाई ने बताया कि रात को वह जायका रेस्टोरेंट से पनीर और मंचूरियन पैक कराकर घर लाए थे। जैसे ही उन तीनों ने खाना शुरू किया, उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी होने लगी। सबसे ज्यादा उल्टी उसके बड़े भाई विशाल कुमार को हुई। सुबह करीब 4:00 बजे परिजनों ने उसे सदर अस्पताल भभुआ ले कर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें:
गया में शराब के नशे में पार्षद ने पुलिस पर किया हमला, एएसआई गंभीर रूप से घायल
रेस्टोरेंट सील
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की टीम ने समय पर इलाज नहीं किया। उनका कहना है कि अगर समय रहते इलाज किया जाता तो विशाल कुमार को बचाया जा सकता था। सदर अस्पताल, भभुआ के डीएस विनोद कुमार ने बताया कि यह एक फूड प्वॉइजनिंग का मामला है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई। उन्होंने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि विशाल कुमार की मौत अस्पताल आने से पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से देखते हुए रेस्टोरेंट को फिलहाल सील कर दिया है।