पटना के दनियावां थाना के औराई बेनीपुर गांव में एक 43 साल के शख्स की निर्मम तरीके से पीट-पीट कर और करंट लगाकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी मच गई। सूचना मिलते ही दनियावां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। दनियावां थाना के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया की हत्या का कारण आपसी विवाद की बात परिवार के लोगों द्वारा लगाया गया है।
मुंशी महतो ने दिलीप साहू को जमकर शराब पिलायी।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात बेनीपुर औराई गांव के निवासी दिलीप साव गांव के ही बगल के मुंशी महतो बुला कर ले गए। बताया जा रहा है कि मुंशी महतो ने दिलीप साहू को जमकर शराब पिलायी। दिलीप साव के पास 40 हजार कैश था। परिजनों का आरोप है कि मुंशी महतो और उसके चाचा साधु महतो ने मिलकर दिलीप साहू को पहले बुरी तरह डंडे से पीटा। इसके बाद बिजली के तार से करंट लगाकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों चाचा भतीजा मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दनियावां थाने को दी।
हत्या के बाद 40 हजार कैश भी ले उड़े हत्यारे
सूचना के बाद मौके पर पहुंची दनियावां थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने पर ले आई और वहां से पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पटना भेज दिया। मृतक के भाई सुधीर कुमार ने बताया कि शनिवार को दिलीप मवेशी बेचने जा रहा था। तभी पड़ोसी मुंशी महतो आया और कहा कि यह मवेशी मुझे बेच दो। कम कीमत मिलने के कारण दिलीप ने मवेशी बेचने से इनकार कर दिया। और बाजार जाकर मवेशी को 40 हजार रुपये में बेच दिया। इसी खुन्नस से मुंशी महतो घर आया। दिलीप को घर से बुलाकर ले गए। इसके बाद शराब पिलाकर उसे मार डाला। साथ उसके पास मौजूद 40 हजार रुपये भी छीन लिया। परिजनों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करे।