एक तरफा प्यार के चक्कर में छात्रा की हत्या करने की बात भी सामने आ रही है
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के समस्तीपुर जिले में शुक्रवार दोपहर कोचिंग से घर लौट रही एक छात्रा की छाती में एक युवक ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। इस हमले में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना जिले के विभूतिपुर थाने के शिवनाथपुर गांव में पुल के पास हुई। घटना को अंजाम देने के बाद युवक वहां से फरार हो गया। छात्रा की पहचान इसी गांव के अर्जुन सिंह की बेटी कोमल कुमारी के रूप में की गई है। उधर, घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने दलसिंसराय-रोसड़ा पथ को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना पर विभूतिपुर पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, कोमल इंटर करने के बाद दलसिंहसराय के एक कोचिंग सेंटर में पैरा मेडिकल की तैयारी कर रही थी। वह रोज गांव के ही सुरेंद्र सिंह की बेटी अनुप्रिया के साथ दलसिंहसराय जाती थी। दोनों शिवनाथपुर पुल के पास एक ग्रामीण के घर पर साइकिल लगाकर वहां से बस से दलसिंहसराय जाती थी। लौटने के दौरान दोनों साइकिल से वापस अपने-अपने घर चली जाती थीं।
लोगों ने बताया कि दोनों रोजाना की तरह दोपहर को बस से उतरने के बाद साइकिल लेकर घर की ओर जैसे ही बढ़ीं, वैसे ही पहले से चाय दुकान पर घात लगाए बैठा एक युवक कोमल के करीब गया और तोबड़तोड़ उसके सीने में तीन गोलियां मार दीं। इस दौरान यह सब देख अनुप्रिया बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी। घटना को अंजाम देने के बाद युवक पैदल ही चौर की ओर फरार हो गया।
आरोपी 11 बजे से चाय की दुकान पर कर रहा था इंतजार
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त युवक शिवनाथपुर पुल के पास स्थित चाय की दुकान पर आज दिन के 11 बजे से ही बैठा हुआ था। वह कई बार चाय पी चुका था। वह अकेले था। लोगों ने बताया कि युवक गांव का ही रहने वाला है, जिस कारण लोगों ने विशेष ध्यान नहीं दिया। जब छात्रा बस से उतरी और साइकिल लेने के बाद घर की ओर बढ़ी ही थी कि पुल के पास उक्त युवक कोमल के करीब गया और उस पर गोली चला दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, घटना को अंजाम देने के बाद युवक वहां से फरार हो गया। इस घटना के पीछे एकतरफा प्यार की बात की भी चर्चा हो रही है।
विभूतिपुर थानाध्यक्ष संदीप पाल ने कहा कि घटना की सूचना पर वह मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गए हैं। गोली चलाने वाले युवक की पहचान हो गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।