समस्तीपुर शहर के माल गोदाम चौक के पास टोटो से जा रही एक महिला को बाइक सवार चार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली महिला के दाहिने हाथ में लगी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश माल गोदाम चौक के रास्ते जितवारपुर की ओर फरार हो गए। महिला की पहचान वारिसनगर थाना क्षेत्र के नगर बस्ती गांव के मोहम्मद कौशीम की पत्नी समीना खातून के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर नगर पुलिस मौके पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटना को लेकर महिला ने बताया कि उनका समधियाना जितवारपुर बिशनपुर गांव में है। पिछले दिनों उनके समधि की मौत हो गई थी, जिनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वह बिशनपुर आई थी। घायल महिला ने बताया कि उसका मायका केवश निजामत गांव है। जहां उसका ममेरे भाई से करीब 13 धूर जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
महिला ने बताया कि वह नगर बस्ती जाने के लिए टोटो से लौट रही थी, इस दौरान माल गोदाम चौक पर बाइक से आए उसके ममेरे भाई तेतर और असलम टोटो रोक कर उसमे चढ़ गया और उस पर गोली चला दी। रोकने के कारण गोली उनके हाथ में लगी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों टोटो से कूदकर बाइक पर बैठकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। गोली उसके हाथ में फांसी हुई है।
नगर थाना अध्यक्ष ने क्या कहा
नगर थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर विक्रम आचार्य ने बताया कि टोटो से आ रही महिला को उसके ममेरे भाई ने गोली मारी है। महिला के हाथ में गोली लगी है। उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। जमीनी विवाद का लेकर वारदात होना सामने आया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।