सामने की कतार में खड़े लोगों को ही गाड़ी के अंदर दिखे पीएम मोदी।
- फोटो : पीटीआई
हर तरह का हमला झेलने में सक्षम पीएम मोदी की गाड़ी दिल्ली से आई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुली जीप में भी चलते तो वह एक वाहन के रूप में कई तरह के हमलों से बचा सकती थी, लेकिन खुले में उनपर किसी तरह का खतरा न हो- इसलिए इस बार दिल्ली से पीएम मोदी की रेंज रोवर कार (DL2CAX8624) आई थी। यह गाड़ी साढ़े 7 साल पहले रजिस्टर होने के बावजूद तमाम सुरक्षा संसाधनों से युक्त है। इस संबंध में अधिकारी कुछ बोल तो नहीं रहे, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को जिस तरह का अलर्ट था और बिहार के सीमावर्ती जिलों में जिस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, उसे देखते हुए संभव है कि पीएम मोदी को सुरक्षित गाड़ी में ही यात्रा करने की सलाह दी गई हो।
भीषण गर्मी में घंटों खड़े रहे लोग पीएम का चेहरा नहीं देख पाने पर मायूस हुए
गुरुवार को उमस के साथ दिनभर गरमी रही। पटना शहर में शाम के सात बजे भी 33 डिग्री तापमान था। सड़क पर घंटों इंतजार कर रहे लोगों को उम्मीद थी कि वह प्रधानमंत्री मोदी को खुली आंखों से देख सकेंगे, लेकिन उनका काफिला भाजपा कार्यालय के अंदर जाकर ही रुका। पीएम मोदी भाजपा कार्यालय में अंदर जाने के बाद ही गाड़ी से उतरे। एयरपोर्ट के बाहर वह गाड़ी से ही निकले थे और भाजपा दफ्तर के अंदर जाकर ही उतरे, इस कारण रोड शो देखने के लिए वहां से बेली रोड होकर वीरचंद पटेल पथ तक सड़क किनारे खड़े लोगों को पीएम मोदी का चेहरा नहीं दिखा। गाड़ी देखकर संतोष करते हुए लोगों ने खुली आंखों से प्रधानमंत्री को नहीं देख पाने पर मायूसी भी जताई।
कोरोना भी एक कारण, इसी गरमी में पश्चिम बंगाल से सभा कर आए पटना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल की बड़ी सभा को संबोधित करते हुए पटना आए। इस दौरान वहां भी गरमी थी और यहां भी। इसके अलावा कोरोना गाइडलाइन के तहत उनके 100 मीटर के दायरे में आने वालों की भी जांच कराई गई थी। भाजपा कार्यालय में चुनिंदा नेताओं से मुलाकात के बाद पीएम सीधे राजभवन जाएंगे। शुक्रवार को वह जनसभा को संबोधित भी करेंगे तो सुरक्षा के विशेष इंतजामात के साथ कोविड गाइडलाइन को लेकर भी सख्ती रखी गई है। भाजपा नेताओं ने इसे भी पीएम मोदी के बाहर नहीं आने की एक वजह बताया।