बिहार के कई भागों में अगले दो दिनों में छाएंगे बादल, आंशिक रूप से बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार बिहार के मौसम में तेजी से सुधार होता जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अब पिछले 12 जनवरी से पड़ रही कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार हैं। इसके बावजूद, पहाड़ी क्षेत्रों में पड़ रही बर्फबारी के बावजूद यह स्थिति है। राज्य के अधिकतर जिलों में शुक्रवार को धूप से लोगों ने राहत महसूस की। दूसरी तरफ, सुबह और शाम की ठंड में भी काफी कमी देखी जा रही है।
बिहार में पिछले 24 घंटे के मौसम का हाल
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा है। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस मधुबनी में एवं सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.00 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में दर्ज किया गया। बिहार राज्य का औसत अधिकतम तापमान 25.02 डिग्री सेल्सियस एवं औसत न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आज के मौसम विश्लेषण के अनुसार राज्य में तेज पछुआ हवा का प्रवाह बना है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में समुद्र तल से औसत 5.8 किलोमीटर ऊपर अपनी धूरी के साथ 60 डिग्री पूर्वी देशांतर एवं 32 डिग्री उत्तर अक्षांश में मौजूद है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तरी राजस्थान के साथ-साथ सिक्किम के कई हिस्सों में कल न्यूनतम तापमान 9-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बिहार के मोतिहारी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक असम, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में छिटपुट वर्षा होगी।