खेत में शराब पीते हुए बनाया वीडियो।
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में तीन शराबियों का गन्ने के खेत में शराब और कबाब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के बगही गांव निवासी सुरेश कुशवाहा, रामटहल महतो और हरपुरवा गांव निवासी ललन देव के रूप में हुई है।
वायरल वीडियो में तीनों आरोपी गन्ने के खेत में बैठकर शराब पीते हुए बिहार सरकार की शराबबंदी कानून पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में आरोपियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धमकाते हुए कहा कि इस बार हम लोगों ने आपको मोदी के नाम पर जिताया है। लेकिन 2025 में आपका प्रलय होगा, अगर जल्दी से बिहार में शराबबंदी खत्म नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार का पैसा नेपाल जा रहा है, 30 रुपये की शराब यहां 100 रुपये में मिल रही है।
वीडियों में तीनों व्यक्ति कह रहे हैं कि नीतीश चाचा हम लोगों का सपोर्ट करें। क्योंकि, हम लोग गन्ने के खेत में शराब पी रहे हैं। इस दौरान तीनों शराबियों ने सीएम नीतीश कुमार को अपशब्द का प्रयोग भी किया। तीनों ने कहा है कि शराबबंदी करें, लेकिन गन्ने के खेत में शराब पीने का छूट दें। जो गन्ने के खेत से बाहर शराब पिए उसे गिरफ्तार कराएं और गाना के खेत में शराब पीने वाले लोगों के खाते में पांच-पाच हजार रुपए भेजें। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीनों शराबियों को गिरफ्तार किया है।
प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष सुनिल सक्सेना ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो को आरोपियों ने तीन सितंबर को बनाया था जो गुरुवार सुबह से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि 3 सितंबर को तीनों शराबी जोगापट्टी के मच्छगांवा में कंस दहन का मेला देखने गए थे। वहां से लौटने के दौरान तीनों आरोपितों ने शराब और कबाब लेकर बगही गांव के पास गन्ने के खेत में शराब पी, जिसका वीडियो भी बनाया।