Bihar : गुरुवार की सुबह अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। इंसाफ की मांग को लेकर करीब डेढ़ हजार की संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। मृतक युवक के शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया। फिर पुलिस ने भी जमकर लाठियां भांजी।
बिहार में एनकाउंटर के बाद परिजन सड़क जाम कर जमकर हंगामा कर रहे हैं। घटना भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव की है जहां पुलिस ने जिसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया था उसका एनकाउंटर कर उसकी हत्या कर दी। इसके विरोध में परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क जाम कर न्याय की गुहार लगा रहे। मृतक की पहचान भरत भूषण तिवारी के रूप में की गई है। भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है और उन्होंने आरा-बक्सर फोरलेन को पूरी तरह से जाम कर दिया है।
विज्ञापन
आरा-बक्सर मार्ग को कर दिया पूरी तरह ब्लॉक
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह बिलौटी गांव के पास स्थित एनएच पर करीब डेढ़-दो हजार की संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। वेलोग इंसाफ की मांग कर रहे हैं। मृतक भरत भूषण तिवारी के शव को सड़क पर रखकर आरा-बक्सर मार्ग को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हो रही है। इस चक्काजाम के कारण फोरलेन पर दोनों तरफ गाड़ियों की मीलों लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रोड़ेबाजी के बाद लाठीचार्ज
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस जामस्थल पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर जाम हटाने की कोशिश की। तब स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन का विरोध करने लगे। इसी बीच कुछ लोगों ने रोड़ेबाजी करनी शुरू कर दी। फिर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कुछ लोग चोटिल हो गए हैं। फिलहाल उक्त स्थान पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। घटना के संबंध में घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी बताते हैं कि उनलोगों को कई बार कहा गया कि शव का अंतिम संस्कार कीजिए, जांच की प्रक्रिया अपने हिसाब से बढ़ती रहेगी, लेकिन उस भीड़ में शामिल कुछ ऐसे लोग थे जिन्होंने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। फिर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में बल का प्रयोग किया। फिलहाल कार्रवाई की जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : फैजल खान के खिलाफ FIR दर्ज कराने पर अड़े रौशन आनंद, समर्थकों संग थाने के बाहर धरने पर बैठे