मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड को बीते अभी कुछ दिन ही हुए हैं कि बिहार के एक और शेल्टर होम में एक बड़ी घटना हो गई है। दरअसल, पटना के आसरा शेल्टर होम में रहने वाली दो युवतियों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। गौर करने वाली बात ये है कि इस दौरान शेल्टर होम के कर्मचारियों ने न तो इसकी पुलिस को दी और न ही पुलिस को इस बारे में कुछ पता चल सका।
बता दें कि ये वहीं शेल्टर होम है, जहां बीते दिनों चार लड़कियों ने ग्रिल काटकर यहां से भागने की कोशिश की थी। पूछताछ में पता चला था कि पड़ोस के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें ऐसा करने के लिए उकसाया था। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
जानकारी के मुताबिक, पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र स्थित आसरा शेल्टर होम की रहने वाली जिन दो युवतियों की मौत हुई है, वो शुक्रवार से ही बीमार थीं। जबकि शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने इस शेल्टर होम की जांच भी की थी, जिसमें कई खामियां पाई गई थीं। बीमार युवतियों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।
हालांकि मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन प्रसाद का कहना है कि दोनों युवतियों को मृत अवस्था में अस्पताल में लाया गया था। हैरानी की बात तो ये है कि दोनों युवतियों के शवों का शनिवार को भी पोस्टमार्टम भी कर दिया गया, लेकिन इस दौरान शेल्टर होम के कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को भी देने की जहमत नहीं उठाई।