बिहार की दो लड़कियों को स्पेन और न्यूजीलैंड की महिलाओं ने गोद ले लिया है। यह दोनों लड़कियां बिहार के भागलपुर जिले से हैं। इन दोनों लड़कियों को उनके जैविक माता-पिता ने छोड़ दिया था। इन लड़कियों को बिहार राज्य दत्तक संसाधन एजेंसी (एसएआरए) की देखभाल के तहत पटना में लाया गया था और गुरुवार को उन्हें दत्तक मां को सौंप दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक पिछले दो सालों से राज्य दत्तक संसाधन एजेंसी में रहने वाली चार वर्षीय बच्ची प्रीती को स्पेन के सुसाना गोमेज ने गोद लिया, जो अपने देश के कृषि विभाग में काम करती है। इसके अलावा दूसरी सात वर्षीय लड़की मीनू भारती को न्यूजीलैंड के क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक मेलानी कैथलीन मैरी सिमंस ने गोद लिया हैं। मीनू 2012 से राज्य दत्तक एजेंसी में थी। बता दें कि सिमंस ने तीन साल पहले दिल्ली की राज्य दत्तक एजेंसी से एक और भारतीय बच्चे को गोद लिया था।