बिहार विधानसभा में चल रहे बजट सत्र का शुक्रवार को 10वां दिन था। आज विधानसभा में जुमे की नमात को लेकर खूब हंगामा हुआ। परंपरा के अनुसार शुक्रवार को सदन की कार्यवाही 12.30 बजे स्थगित कर दी जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। इसे लेकर सदन के अंदर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई।
आज 12.30 बजने के बाद भी स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने कार्यवाही स्थगित नहीं की। उन्होंने कहा कि सदन की सहमति के साथ कार्यवाही की अवधि बढ़ाई जाती है। स्पीकर की इस घोषणा का सबसे पहले कांग्रेस विधायक विजय शंकर दुबे ने विरोध किया। एआईएमआईएम और सीपीआई माले के विधायकों ने भी हंगामा किया।
इस पर स्पीकर ने कहा कि हमने सदन में मौजूद सभी मुस्लिम विधायकों से अनुमति लेने के बाद ही सदन की कार्यवाही की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है। हंगामा जब नहीं रुका तो स्पीकर ने सीपीआई माले विधायक ने कहा कि राजनीति और सदन की कार्यवाही साथ-साथ नहीं चलेगी, आपको दोनों में तालमेल बिठाना पड़ेगा।
इसके बाद भाजपा विधायक प्रदीप कुमार ने प्रदेश में गोशाला की जमीन पर माफिया के कब्जे की जानकारी देनी शुरू की। लेकिन, एआईएमआईएम के अख्तरुल ईमान और महबूब आलम लगातार हंगामा करते रहे। राजद विधायक ललित यादव ने भी इनका समर्थन किया और कहा कि कार्यवाही 12.30 बजे स्थगित करनी चाहिए थी।
इसके बाद सदन की कार्यवाही को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं, बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। नए कार्यक्रम के अनुसार अब 21 मार्च को होने वाली कार्यवाही 26 मार्च को आयोजित होगी। जानकारी के अनुसार यह फैसला कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया गया।