बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने जून के अंतिम दिन व्यापक पैमाने पर तबादले किए। राज्य के 18 अनुमंडलों में जुलाई की पहली तारीख से नए भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) की पोस्टिंग की गई है और इन्हें तत्काल प्रभाव से ड्यूटी ज्वाइन करने का आदेश भी है। मतलब, शनिवार से ही नई पोस्टिंग पर इनकी ड्यूटी शुरू हो गई है।
पावर बढ़ने के बाद पहली पोस्टिंग
पिछले महीने बिहार सरकार ने भूमि सुधार उप समाहर्ताओं की शक्तियां बढ़ाई हैं और अब 18 अनुमंडलों को नए DCLR (Deputy Collector Land Reform) मिले हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तहत डीसीएलआर की मुख्य तौर पर जिम्मेदारी जमीन विवादों का निपटारा करना है। इसके लिए डीसीएलआर का अपना कोर्ट भी होता है। यह अंचलाधिकारी से ऊपर और अनुमंडलाधिकारी से नीचे का पद होता है। पिछले महीने बिहार सरकार ने अपने अंचलाधिकारियों से जमाबंदी का अधिकार छीनते हुए डीसीएलआर और एडीएम को सौंपा है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के पास है और इसके मंत्री आलोक मेहता हैं।
कहां से रहने वाले, कहां से यहां आए
भूमि सुधार उप समाहर्ता के स्थानांतरण आदेश के अनुसार, सारण निवासी जनक कुमार को खगड़िया से पालीगंज पटना, सीतामढ़ी निवासी पारुल प्रिया को बांका सदर से नवादा सदर, मधेपुरा निवासी सुधांशु शेखर को कटिहार से भागलपुर सदर, मुजफ्फरपुर निवासी शिव शंकर पासवान को बारसोई कटिहार से किशनगंज सदर, पटना निवासी सुधीर कुमार सिन्हा को झंझारपुर मधुबनी से मुजफ्फरपुर पूर्वी, पूर्णिया निवासी राकेश कुमार को मधुबनी सदर से बांका सदर, कटिहार निवासी कुंदन कुमार को उदाकिशुनगंज मधेपुरा से कहलगांव भागलपुर, नवादा निवासी संतोष कुमार को कहलगांव भागलपुर से सोनपुर सारण, गया निवासी संजय कुमार को बेतिया सदर से सारण सदर, जहानाबाद निवासी ललित भूषण रंजन को पालीगंज पटना से हाजीपुर वैशाली, सुपौल निवासी शंकर शरण को चकिया पूर्वी चंपारण से महुआ वैशाली, समस्तीपुर निवासी ललित कुमार सिंह को पुपरी सीतामढ़ी पूर्वी से सहरसा सदर, कटिहार निवासी रवि शंकर शर्मा को मढ़ौरा सारण से मधुबनी सदर, सीतामढ़ी निवासी पुष्पेश कुमार को छपरा सदर से चकिया पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण निवासी मोहम्मद नुरुल एन. को निर्मली सुपौल से कटिहार सदर, मधुबनी निवासी खुर्शीद अकरम को महुआ वैशाली से गोपालगंज सदर, रोहतास निवासी संजय कुमार को दाउदनगर औरंगाबाद से रक्सौल पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर निवासी विरेंद्र कुमार को गोपालगंज सदर से बेतिया सदर में एक जुलाई से ड्यूटी संभालेंगे।