एक अप्रैल से बिहार में शराब बंदी का आदेश लागू करने वाली बिहार की नीतीश सरकार ने पांच दिन में ही एक और बड़ा फैसला ले लिया है। सरकार ने अब अंग्रेजी शराब को भी पूरी तरह बैन करने का फैसला किया है। कैबिनेट की बैठक में आज यह फैसला लिया गया।
नीतीश सरकार का यह फैसला इसलिए औचकभरा है क्योंकि शराब बंदी के प्रथम चरण में शहरी इलाकों में अंग्रेजी शराब की बिक्री को छूट दी गई थी। वहीं इस घोषणा के बाद देश के उन चंद राज्यों में शामिल हो गया है जहां शराब पर पूरी तरह पाबंदी है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से पूर्व नीतीश ने वादा किया था कि अगर उनकी सरकार में वापस आती है तो शराब पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी जाएगी। सत्ता में आने के चंद दिनों बाद ही नीतीश ने अपना वादा निभाते हुए राज्य में शराब बंदी की घोषणा कर दी थी।
जिसे बीते एक अप्रैल से लागू भी कर दिया गया। शराब पर यह पाबंदी दो चरणों में होनी थी। प्रथम चरण में पूरे राज्य में देसी शराब और देहात के क्षेत्रों में अंग्रेजी शराब की बिक्री पर पाबंदी लगाई गई थी। सरकार द्वारा जारी लाइसेंस वाली दुकानों और होटल एवं बार को शराब बिक्री और परोसने की छूट दी गई थी।