बिहार के मुख्यमंत्री रहते केंद्र की राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विरोधी चेहरा बनने की कोशिश में जुटे नीतीश कुमार शरद यादव की जगह खुद जदयू की कमान संभाल सकते हैं। नए अध्यक्ष की घोषणा 10 अप्रैल को होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में होगी।
इससे पहले शरद ने सार्वजनिक तौर पर चौथी बार पार्टी के संगठन की कमान संभालने से इंकार कर दिया। हालांकि चर्चा है कि संगठन की कमान संभालने की मौका दिए जाने की संभावना खत्म होने के कारण शरद ने पहले ही अध्यक्ष न बनने की घोषणा कर दी।
इस बीच जनता परिवार में शामिल जदयू, जदएस, रालोद, सजपा और झाविमो में विलय की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। विलय के बाद संयुक्त पार्टी का नाम जन विकास पार्टी या जन विकास मोर्चा रखने पर मंथन चल रहा है।
नीतीश ने केंद्र की राजनीति में मोदी विरोधी चेहरा बनने की अपनी रणनीति पर आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। जदयू सूत्रों का कहना है कि इसकी पहली कड़ी में वह पार्टी संगठन की कमान संभालेंगे। चूंकि पार्टी में एक व्यक्ति एक पद का फार्मूला लागू नहीं है।