Tilka Manjhi Bhagalpur University : भागलपुर विश्वविद्यालय का एक छात्र नेता अपनी मांगें पूरी नहीं होने का आरोप लगाते हुए सोमवार को छत से कूद गया। फोर्थ सेमेस्टर बीसीए एग्जाम के मुद्दे पर उसने यह कदम उठाया।
छात्र नेता ने उठाया खतरनाक कदम
मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के टीएमबीयू विश्वविद्यालय का है। हालांकि स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया है। इस क्रम में वह चोटिल भी हुआ है। युवक की पहचान शाहरुख खान के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त युवक तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय का छात्र नेता है जिसने अपनी मांगों को लेकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसका इलाज करा रही है।
क्या है मांग
छात्र नेता की यह मांग थी कि विश्वविद्यालय के द्वारा चतुर्थ सेमेस्टर बीसीए की परीक्षा नहीं लेने के कारण शाहरुख़ ने आत्महत्या करने की कोशिश की है। घटना होते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तीन थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। मोहम्मद शाहरुख के दोस्त का कहना है कि शाहरुख़ ने पहले भी इस तरह की कोशिश कर चूका है।
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कुलपति को पूर्व में दिया था सामूहिक आत्मदाह की सूचना
तिलकामांझी विश्वविद्यालय के कुलपति को पहले ही 22 मई को सामूहिक आत्मदाह करने के लिए लिखित में सूचित किया था । उस लिखित सूचना में शाहरुख ने लिखा है कि हम सभी द्वारा आपके एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के आगे लगातार 20 से 25 दिनों से आग्रह कर रहे हैं कि विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर 1,2 और 3 का जिस छात्र ने परीक्षा पास कर लिया है, उसका परीक्षा परिणाम प्रकाशित किया जाए। साथ ही जो भी छात्र सेमेस्टर 4 में प्रमोटेड हो गये हैं, उनको भी परीक्षा फॉर्म भरवाकर उनकी ससमय परीक्षा ली जाए। क्योंकि सेमेस्टर 4 के प्रमोटेड छात्र जिन्हें दुबारा परीक्षा का मौका नहीं दिया गया है, उन सभी परीक्षाओं का परिणाम प्रकाशित कर हमें भी सेमेस्टर 6 का परीक्षा फॉर्म भरने का मौका दिया जाए। लेकिन हमलोगों के बार बार निवेदन करने के बाद भी आप सिर्फ आश्वासन देकर शांत हो जाते हैं। यह हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, हमें ठगा जा रहा है। इसलिए विश्वविद्यालयप्रशासन द्वारा किए गए इस लापरवाही की हम घोर निंदा करते हुए हम सभी छात्र आपके तथा विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा हमारे भविष्य के साथ किए जा रहे खिलवाड़ के विरोध में 22 मई को समय 12:00 बजे प्रशासनिक भवन के सामने सामूहिक आत्मदाह करेंगे जिसका जिम्मेदार परीक्षा नियंत्रण विभाग और पूरा विश्वविद्यालय प्रशासन होगा। इस आवेदन की प्रतिलिपि कुलपति के साथ-साथ कुलसचिव को भी दी गई थी।