बिहार के दरभंगा जिले में एक दुर्घटना में एंबुलेंस के नीचे आ जाने से तीन महिलाओं की मौत हो गई।
पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि तीनों महिलाएं दिल्ली मोड़ के निकट सड़क किनारे खड़ी थीं तभी शव लेकर पटना से पूर्णिया जा रही एक एंबुलेंस ने उन्हे कुचल दिया।
इस दुर्घटना में सोनकी थाना के पाटा गांव की आरती देवी और बहादुरपुर थाना के गोढियारी गांव की गुजरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सदर थाना के मौलागंज निवासी चंद्रकला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
श्री सिंह ने बताया कि घायल महिला को तत्काल दरभंगा मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि एंबुलेंस चालक को वाहन समेत मधुबनी जिले के सकरी थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस बीच महिलाओं की हुई मौत से उग्र, स्थानीय लोग शव के साथ प्रदर्शन कर दरभंगा मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 57 को मद्दी के निकट करीब चार घंटे से जाम लगा दिया।