वजीरगंज थाना क्षेत्र के दखिनगांव में बीती रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए करीब 54 लाख रुपये की चोरी की। चोरों ने प्रहलाद प्रसाद और प्रोफेसर परमानंद सिंह के घर से जेवरात और कीमती सामान चुराया।
गयाजी जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दखिनगांव में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। एक ही रात में दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले दखिनगांव निवासी प्रहलाद प्रसाद के घर में सेंध लगाई और करीब 30 लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। इसके बाद प्रोफेसर परमानंद सिंह के घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और वहां से भी लगभग 24 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि वजीरगंज प्रखंड में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। आधी रात को अज्ञात चोरों द्वारा हो रही इन घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है।
स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं, अगर पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होती है, तो लोगों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।