नीतीश कुमार को अगले लोकसभा चुनाव में विपक्ष का प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। बिहार में महागठबंधन सरकार के बनने के बाद तो इन चर्चाओं ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी बीच बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी उन्हें पीएम बनाने का संकल्प ले लिया है।
शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम नीतीश कुमार हमारे चाचा हैं। हम उन्हें लालकिले पर झंडा फहराने के मुकाम तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि वे हमारे चाचा हैं। यह 'महागठबंधन' की सरकार है। लाल किले पर झंडा फहराने में हम उनका समर्थन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हम भतीजा हैं तो इतना तो करेंगे ही।
तेज प्रताप ने दिया बड़ा बयान
दरअसल, शनिवार को लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और महागठबंधन सरकार में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेज प्रताप यादव राजगीर पहुंचे थे। यहां उन्होंने वाइल्ड लाइफ जू सफारी का निरीक्षण और भ्रमण भी किया। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दे दिया।
उन्होंने ये भी कहा कि सबसे अच्छा राजगीर का जंगल सफारी है। हमारी सरकार में इसका उद्घाटन हुआ था, अब फिर मुझे यह विभाग मिला है। जो भी कमियां हैं हमने अधिकारियों को बता दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिल कर जरूरतों को पूरा किया जाएगा। इसी दौरान उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वे वे हमारे चाचा हैं। यह 'महागठबंधन' की सरकार है। लाल किले पर झंडा फहराने में हम उनका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि भतीजा उन्हें लाल किला पहुंचाएगा और गांधी मैदान के बाद वे लालकिले पर तिरंगा फहराएंगे।
इससे पहले ललन सिंह ने किया था ऐसा ही दावा
गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है जब बिहार के किसी नेता ने नीतीश कुमार को पीएम पद का दावेदार बताया हो। हाल ही में जेडीयू के अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा था कि सीएम नीतीश कुमार में प्रधानमंत्री बनने के सारे गुण मौजूद हैं, लेकिन फिलहाल वो इस रेस से बाहर हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि आप 2024 में एक बार मोदी जी को हरा दीजिए उसके बाद हम आपस में बैठकर तय कर लेंगे की पीएम किसे बनाना है।
वहीं, तेजस्वी यादव भी सीएम नीतीश कुमार को पीएम पद के लिए दावेदार बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर नरेंद्र मोदी पीएम बन सकते हैं तो नीतीश कुमार भी बन सकते हैं। जब तेजस्वी ने ये बयान दिया था तब जेडीयू के अध्यक्ष ललन सिंह भी मंच पर मौजूद थे।