बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाव यादव पर एक किताब लिखी है। इस किताब का नाम है लालू लीला। किताब का लोकार्पण आज होगा। माना जा रहा है कि इस किताब के जरिए उपमुख्यमंत्री लालू यादव के परिवार द्वारा अर्जित की गई संपत्ति से एक बार फिर पर्दा उठाएंगे।
इससे पहले मोदी लालू यादव के चारा घोटाले पर एक किताब लिख चुके हैं। उस किताब का नाम था, 'चारा चोर, खजाना चोर'। यह किताब काफी चर्चा में रही थी। वहीं लालू लीला किताब बाजार में आने से पहले ही काफी चर्चित हो चुकी है। हाल ही में मोदी ने 'बीच समर में' नाम से एक किताब प्रकाशित की है। यह किताब आपातकाल के दौरान जेल यातना के संस्मरणों पर आधारित है।
सुशील मोदी का कहना है कि उनकी किताब 'लालू लीला' यह उजागर करती है कि किस प्रकार सत्ता और राजनीति लालू प्रसाद यादव के परिवार के लिए अवैध संपत्ति अर्जित करने का एक जरिया बनी। इस किताब में कंपनियों, दान, वसीयत, पावर ऑफ एटॉर्नी और हर एक काम के बदले जमीन और मकान हथियाने के फंडे के बारे में भी लिखा गया है।
केंद्रीय मंत्रियों ने की टिप्पणी
किताब पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है, 'लालू-लीला' सार्वजनिक जीवन को भ्रष्टाचार-मुक्त करने के सुशील मोदी के अथक संघर्ष का प्रामाणिक दस्तावेज है। किताब पर कानून व न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है, 'सुशील मोदी की पुस्तक लालू-लीला लालू परिवार के भ्रष्टाचार का जीवंत दस्तावेज है।'
जानकारी के मुताबिक किताब का लोकार्पण लोकमान्य जयप्रकाश नारायण की जयंती पर 11 अक्तूबर को विद्यापति भवन के सभागार में दोपहर एक बजे होगा। लोकार्पण के दौरान कई बड़े मंत्री मौजूद रहेंगे।