बिहार में शराबबंदी कानून लागू करने वाली बिहार सरकार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाइकोर्ट द्वारा शराबबंदी कानून की अधीसूचना को रद करने वाले पटना हाइकोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है। मामले में अब दस हफ्तों बाद सुनवाई होगी। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने दस शराब कंपनियों को भी नोटिस जारी कर दिया है।
बता दें कि बीते 30 सितंबर को पटना हाइकोर्ट ने बिहार सरकार के शराबबंदी कानून को रद करते हुए शराब की बिक्री पर से रोक हटा दी थी। हालांकि यह राहत केवल विदेशी शराब और उसके शौकीनों को ही मिली थी। लेकिन इसके अगले दिन ही बिहार सरकार नया शराब कानून ले आई थी।
इसी बीच सरकार ने हाइकोर्ट के आदेश के खिलाफ उसने सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर कर दी थी। इसी पर सुनवाई करते हुए आज सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को बड़ी राहत दे दी। सुप्रीम कोर्ट ने हाइकोर्ट के आदेश पर रोक लगाते हुए दस हफ्ते बाद इस पर सुनवाई करने का निर्णय लिया है।