Bihar : कई दिनों से भीषण गर्मी है, इस वजह से दोस्त अपने कमरे से निकल कर छत पर सोने चला गया। रांची से आये दोस्त को कोई दिक्कत न हो इसलिए उसने दोस्त को कमरे में सुला दिया। सुबह जगते ही वह अवाक रह गया। अब पुलिस जांच कर रही है।
पटना पुलिस ने एक फ्लैट से एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान झारखंड की राजधानी रांची निवासी विवेक कुमार के रूप में की गई है। विवेक एक दवा कारोबारी था। घटना बेउर थाना क्षेत्र के 70 फीट रोड स्थित एक फ्लैट की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। विवेक की लाश उसके दोस्त आकाश कुमार के फ्लैट में पंखे से लटकता हुआ मिला।
सुसाइड नोट में लिखा- इस दुनिया से तंग होकर अपनी जान दे रहा हूं
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि विवेक कुमार विगत तीन दिनों से अपने दोस्त आकाश कुमार के बेऊर थाना क्षेत्र के 70 फीट रोड में स्थित घर पर ठहरे हुए थे। दोस्त आकाश बीपीएससी की तैयारी करते हैं और राधाकृष्ण मंदिर के पास बृजनंदन कुमार के मकान में किराए में रहते हैं। मंगलवार की रात आकाश छत पर सोए हुए थे। सुबह जब वह नीचे उतरे तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर विवेक का शव पंखे से लटक रहा था। दोस्त का शव देखकर वह परेशान हो गया और तुरंत इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। सूचना मिलने पर एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इस संबंध में पुलिस और एफएसएल का कहना है कि जांच के दौरान कमरे में जबरन प्रवेश या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें यह लिखा है कि वह इस दुनिया से तंग होकर अपनी जान दे रहा हूं।
सुसाइड नोट की हो रही जांच
घटना के संबंध में फुलवारी शरीफ के डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि विवेक कुमार रांची में मेडिकल स्टोर चलाते थे और दवा लाने के लिए अक्सर पटना आते-जाते रहते थे। उन्होंने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पायेगा कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या। विवेक कुमार की मौत की खबर मिलते ही रांची स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग पटना के लिए रवाना हो गये हैं।