घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय और राहगीर
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के दरभंगा जिले के हनुमाननगर प्रखंड क्षेत्र के बिशनपुर गोढैला पथ पर बिशनपुर कब्रिस्तान के पास एक स्कूटी में चलते-चलते अचानक आग लग गई। इस हादसे में स्कूटी पर सवार युवक-युवती ने स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। उसके बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक स्कूटी जलकर खाक हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती लहेरियासराय स्थित पेट्रोल पंप से बीते शुक्रवार को अपनी स्कूटी में तेल डलवाकर अपने घर बिशनपुर जा रहे थे। उसी दौरान बिशनपुर गोढैला पथ पर बिशनपुर कब्रिस्तान के पास स्कूटी में अचानक आग लग गई। उसके बाद स्कूटी पर सवार दोनों युवक-युवती ने किसी तरह दोपहिया वाहन से कूद गए और अपनी जान बचा ली। आग लगने के बाद आसपास और उस रास्ते से गुजरने वाले लोगों की भीड़ लग गई। उसके बाद स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित युवक-युवती से आग लगने के कारण के संबंध में जानकारी ली। वहीं, विशनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक-युवती लहेरियासराय से अपने घर बिशनपुर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी में अचानक आग लग गई। हालांकि आग के कारणों का अभी पता नहीं चल सका। मामले की जांच की जा रही है।