बिहार के बहुचर्चित सृजन घोटाला के तार बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की बहन रेखा मोदी से भी जुड़े हुए हो सकते हैं। पटना में रेखा मोदी के घर में आयकर विभाग ने छापेमारी की है। आयकर विभाग की टीम ने गुरुवार को रेखा मोदी के घर छापा मारा। आयकर विभाग की इस छापेमारी को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है।
सुशील मोदी की बहन का घर पटना के एसपी वर्मा रोड में है। रेखा मोदी के घर में आयकर विभाग की एक टीम दोपहर बाद पहुंची। खबरों को मुताबिक आयकर विभाग की एक टीम ने गांधी मैदान के पास फ्रैजर रोड स्थित एक दुकान में भी छापेमारी की है।
विपक्ष हमेशा से रेखा मोदी के नाम को लेकर सुशील मोदी पर निशाना साधता रहा है। विपक्ष समेत बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव लगातार कालाधन को लेकर सुशील मोदी के भाई और बहन पर हमला करते रहे हैं। हालांकि रेखा मोदी को लेकर सुशील मोदी सफाई देते रहे हैं कि उससे उनका या उनके परिवार का कोई लेना-देना नहीं हैं।
विपक्ष ने रेखा मोदी पर भारी मात्रा में गहने खरीदने का आरोप लगाया था और इस प्रकरण में सुशील मोदी पर भी आरोप लगाए थे। रेखा मोदी के ऊपर लगे आरोपों के कारण सुशील मोदी की काफी बेइज्जती का सामना करना पड़ा है।