लालजी टंडन को बिहार के राज्यपाल पद की शपथ दिलाते पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस मुकेश रसिक भाई शाह
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन ने गुरुवार को बिहार के राज्यपाल पद की शपथ ली। टंडन बिहार के 39वें राज्यपाल बन गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में यहां राजभवन में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मुकेश रसिक भाई शाह ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।
टंडन ने सत्य पाल मलिक का स्थान लिया जिन्होंने गुरुवार दिन में जम्मू कश्मीर के राज्यपाल के पद की शपथ ली है ।
लखनऊ में 12 अप्रैल 1935 को जन्मे टंडन ने 1970 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वह दो कार्यकाल के लिए उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य भी रहे।
वह उत्तर प्रदेश में एक से ज्यादा बार मंत्री भी रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी माने जाने वाले टंडन ने 2009 में लखनऊ लोकसभा सीट जीती। इसी साल पूर्व प्रधानमंत्री ने खराब सेहत के कारण सक्रिय राजनीति से संन्यास की घोषणा की थी।