राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पाकिस्तानी मंत्री के ‘अस्थिरता’ से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा है कि नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान भेज देना चाहिए। इसके बाद ही अस्थिरता का कोई सवाल पैदा हो सकता है। उन्हें पाकिस्तान भेजना ही उनकी सबसे मुफीद दवा है।
लालू ने पटना में पत्रकारों से कहा है कि मोदी को पाकिस्तान भेजे जाने के बाद ही अस्थिरता का सवाल पैदा होगा। उनके लोग दूसरों को पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं। इसके बजाय हमें मोदी को ही पाकिस्तान भेज देना चाहिए।
लालू, पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पूरे क्षेत्र में अस्थिरता पैदा हो सकती है।
लालू यादव पर भाजपा का पलटवार
मोदी के खिलाफ चुनाव आचारसंहिता के उल्लंघन में दो मामलों के दर्ज होते ही लालू ने कहा कि मोदी के लिए सबसे अच्छी दवा उन्हें पाकिस्तान भेजना है।
उन्होंने कहा कि पहले मोदी को पाकिस्तान भेज दें। यह उनके लिए सबसे बड़ी दवा साबित होगी। इसके बाद चुनाव आयोग के एफआईआर के बारे में सोचेंगे।
इस बीच, लालू पर पलटवार करते हुए भाजपा के प्रवक्ता सैयद शहनवाज हुसैन ने कहा क्यों न लालू जी को ही पाकिस्तान भेज दिया जाए। लालू कहते हैं कि वह पाकिस्तान में काफी लोकप्रिय हैं। इस लिहाज से उन्हें पाकिस्तान भेजना काफी अच्छा फैसला साबित होगा।
हुसैन ने यह भी कहा कि पाकिस्तान या उसके मंत्रियों को भारत के साथ बात करते समय हद में रहना चाहिए। उनको भारत के मामले में हस्तक्षेप का कोई अधिकार नहीं है। यह भारत के लोग फैसला करेंगे कि उनके देश का प्रधानमंत्री कौन हो।
'कांग्रेस नाराज हो गई तो लालू की खैर नहीं'
भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इस बात पर आश्चर्य जताया है कि लालू आखिरकार कांग्रेस से इतना डरे हुए क्यों हैं। जबकि यह सबको पता है कि कांग्रेस ही भ्रष्टाचार और महंगाई के लिए जिम्मेदार है।
मुज्फ्फरपुर में एक चुनावी रैली में राजनाथ ने लालू से सवाल क्या कि वह इतना डरे हुए क्यों हैं? इसका खुद ही जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि लालू जी यह अच्छी तरह जानते हैं कि अगर कांग्रेस नाराज हो गई तो उनका क्या हश्र होगा। राजनाथ का इशारा चारा घोटाले में लालू के खिलाफ चल रहे सीबीआई मामलों की ओर था।
राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस महंगाई और भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार है। यह जानने के बावजूद लालू जी कांग्रेस से चिपके हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक मजबूत देश के लिए मजबूत सरकार चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को मजबूती से चलाने के लिए शेर का कलेजा चाहिए। मुजफ्फरपुर में पांचवें चरण के तहत सात मई को मतदान होगा।