बक्सर रेलवे स्टेशन पर मुस्तैद पुलिस जवान
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में प्रशासन अलर्ट मोड में है। वहीं, इसे लेकर UP से सटे बिहार के सीमावर्ती जिले बक्सर में भी व्यापक सतर्कता बरती जा रही है। एक तरफ जहां जिले की पुलिस लगातार सीमा पर चौकसी बरत रही है। वहीं, दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन पर RPF की टीम सतर्कता बरत रही है। आरपीएफ के जवानों की एक टीम ने पूरे रेलवे स्टेशन पर फ्लैग मार्च किया। ट्रेनों की भी जांच की गई और यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की गई। UP के बलिया और गाजीपुर जिले समेत अन्य जिलों से बक्सर स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने रोजना हजारों यात्री आते हैं।
सीमावर्ती जिला बक्सर के रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट है। स्थानीय रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पोर्टिको से लेकर टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म पर रेलवे पुलिस के जवानों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशन पर गश्त लगाते पुलिसकर्मियों को देखकर लोगों के बीच चर्चाएं जारी रहीं। लेकिन रेल यात्रियों ने इस बात पर संतोष जताया कि पुलिसकर्मी मुस्तैदी के साथ उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर दिखाई दे रहे हैं।
RPF के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि रविवार से ही वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर पुलिस टीम सतर्क रही। यूपी में जो घटना घटी है। उसको ध्यान में रखकर स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसके अतिरिक्त आम दिनों में भी पुलिस टीम मुस्तैदी के साथ काम करती है।