सारण जिले में तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक आई नीलगाय ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मांझी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के चेफुल पंचायत अंतर्गत इमादपुर बिंटोलिया गांव निवासी दुखहरन प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है।
इलाज कराकर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अमित कुमार अपनी भतीजी का इलाज कराने के लिए एकमा गया था। इलाज के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एकमा-ताजपुर मुख्य सड़क मार्ग पर चंदउपुर गांव के समीप अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। तेज रफ्तार बाइक सीधे नीलगाय से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल एकमा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल उसकी भतीजी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: स्वास्थ्य मंत्री निशांत का एलान- शहर की तरह गांवों और अमीरों की तरह गरीबों को मेडिकल सुविधाएं देंगे
गांव में पसरा मातम
घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। मां बिराजो देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमित की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद जब शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुखिया प्रतिनिधि अजीत सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।