फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: इलाज के बहाने अस्पताल पहुंचा कैदी, पुलिस को चकमा देकर फरार; छपरा में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Mon, 24 Aug 2026 01:25 PM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छपरा

सार

छपरा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से इलाज के दौरान चोरी के मामले में बंद विचाराधीन कैदी आदर्श पाण्डेय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी आदर्श को 22 अगस्त को चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
विज्ञापन
सदर अस्पताल का कैदी वार्ड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छपरा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से इलाज के दौरान एक विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदी की पहचान उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी आदर्श पाण्डेय के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल के कैदी वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवानों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

विज्ञापन


चोरी के मामले में 22 अगस्त को भेजा गया था जेल

मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श पाण्डेय को चोरी के एक मामले में 22 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उसके खिलाफ सारण जिले के हरिहरनाथ थाना में कांड संख्या 153/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। जेल भेजे जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन के अनुसार, अत्यधिक नशे के कारण उसके शरीर में कंपन हो रही थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कैदी वार्ड में की गई थी सुरक्षा की व्यवस्था

अस्पताल में भर्ती होने के बाद आदर्श पाण्डेय को सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में रखा गया था। उसकी सुरक्षा के लिए जिला पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद देर रात वह सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए पुलिसकर्मियों को चकमा देने में सफल रहा और कैदी वार्ड से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
विज्ञापन


फरार कैदी की तलाश में छापेमारी

कैदी के फरार होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में भी पुलिस को सतर्क कर दिया गया है। पुलिस फरार कैदी के संभावित ठिकानों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि जल्द से जल्द उसे पकड़ा जा सके।

सुरक्षा में लापरवाही पर उठे सवाल

सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से विचाराधीन कैदी के फरार होने की घटना ने कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब कैदी की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। घटना के बाद अस्पताल और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। पुलिस और जेल प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जांच के बाद हो सकती है कार्रवाई

जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कैदी किस तरह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर कैदी वार्ड से बाहर निकलने में सफल हुआ। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में यदि सुरक्षा में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पुलिस फरार विचाराधीन कैदी आदर्श पाण्डेय की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें