फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: मंदिर सूना और थाने में भगवान, 30 दिन से मालखाने में बंद राम-जानकी-लक्ष्मण की मूर्तियां

Fri, 06 Feb 2026 09:28 AM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,छपरा

सार

छपरा जिले के मशरक में स्थित प्राचीन राम-जानकी-शिव मंदिर से चोरी हुई भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु मूर्तियां पिछले 30 दिनों से थाने के मालखाने में रखी हैं।
विज्ञापन
खाली पड़े मंदिर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के छपरा जिले में एक अजीब स्थिति देखने को मिल रही है। यहां श्रद्धालु बिना भगवान की मूर्तियों के ही मंदिर में पूजा और आरती कर रहे हैं। ऐसा ही मामला सारण जिले के मशरक से सामने आया है, जहां थाना परिसर से सटे अतिप्राचीन राम-जानकी-शिव मंदिर से चोरी गई भगवान राम, माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण की मूर्तियां पिछले 30 दिनों से थाने के मालखाने में रखी हुई हैं। मंदिर में आने वाले भक्तों को इस वजह से काफी निराशा हो रही है।

कानूनी प्रक्रिया में फंसी मूर्तियां

इस बारे में मंदिर के पुजारी टुन्ना बाबा ने बताया कि बरामद की गई मूर्तियां अदालत के आदेश के बाद ही मंदिर को वापस मिल पाएंगी। उन्होंने कहा कि अभी कानूनी प्रक्रिया चल रही है, जिस वजह से देरी हो रही है, लेकिन जल्द ही भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की मूर्तियां फिर से मंदिर में स्थापित की जाएंगी।

मंदिर में आरती करने आए भक्तों का कहना है कि चोरी के बाद पुलिस की कार्रवाई सराहनीय रही है, क्योंकि चोरी गई मूर्तियां और चोरों को सिर्फ सात दिनों के अंदर ही पकड़ लिया गया था।

कैसे हुई थी चोरी

बताया जाता है कि घने कोहरे और कुहासे के बीच 5 जनवरी को अज्ञात चोरों ने मंदिर के पीछे की कुंडी काटकर गर्भगृह से भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर ली थीं। चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसकी हार्ड डिस्क भी साथ ले गए थे।

विज्ञापन


पढ़ें: हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग पर हादसा, महात्मा गांधी सेतु पर कार पलटी; लगा लंबा जाम

एसआईटी ने की बरामदगी

सारण के तत्कालीन वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष के निर्देश पर मढ़ौरा अनुमंडल के एसडीपीओ-2 संजय कुमार सुधांशु के नेतृत्व में एक एसआईटी बनाई गई थी। इस टीम ने पूर्वी चंपारण से चोरी गई मूर्तियां बरामद कर लीं और चोर गिरोह के तीन सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। स्थानीय लोगों के अनुसार ये मूर्तियां करीब 200 साल पुरानी हैं।

कौन-कौन गिरफ्तार

पुलिस ने मशरक थाना क्षेत्र के तख्त टोला गांव निवासी स्वर्गीय चंद्रमा तिवारी के पुत्र अखिलेश तिवारी, पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के गोपी छपरा गांव निवासी मोहन साहनी के पुत्र मुन्ना सहनी और भोपतपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी शंभू सिंह के पुत्र संजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी हुई मूर्तियां भी बरामद की गईं। सोनू सहनी के घर से श्रीराम और लक्ष्मण की दो अष्टधातु मूर्तियां मिली थीं, जबकि राजन सहनी के फूस के मड़ई में जमीन के नीचे दबाई गई माता जानकी की अष्टधातु मूर्ति बरामद की गई थी।

जल्द मूर्तियां लौटाने की मांग

अब स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द मूर्तियों को मंदिर में वापस स्थापित कराया जाए, ताकि भक्त फिर से विधिवत पूजा-अर्चना कर सकें।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें