सड़क हादसे के बाद जुटी स्थानीय ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
अमनौर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे और बेटी के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। इसी दौरान दुखन मोड़ के पास 10 चक्का हाइवा ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा और बेटी घायल हो गए।
मृतका की पहचान डेरनी थाना क्षेत्र के विश्वंभरपुर गांव निवासी ललन मिश्रा की पत्नी सीमा मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सीमा अपने बेटे और बेटी के साथ मढ़ौरा थाना क्षेत्र के आवारी गांव स्थित मायके जा रही थीं। बाइक उनका बेटा चला रहा था और बेटी भी उसी पर सवार थी।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरीं सीमा, मौके पर मौत
दुखन मोड़ के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोग उन्हें संभालने के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में उनके बेटे और बेटी को भी चोटें आई हैं। दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मां को सड़क पर मृत देखकर दोनों बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे। उनकी चीख-पुकार से मौके पर मौजूद लोगों का माहौल गमगीन हो गया।
पढे़ं: अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीतीश कुमार ने नीरज को दिया टिकट, जदयू की सूची में किसका नाम?
पुलिस ने हाइवा को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष बिमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। दुर्घटना में शामिल हाइवा ट्रेलर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बेटी की शादी तय होने की बात, खुशियों की जगह पसरा मातम
परिजनों के अनुसार, सीमा मिश्रा परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालती थीं। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। परिवार में उनके पति ललन मिश्रा और वृद्ध ससुर जनार्दन मिश्रा भी हैं, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। बताया जा रहा है कि सीमा की एक बेटी की शादी तय होने वाली थी। ऐसे में जिस घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल बनने वाला था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार, हादसे की वास्तविक वजह और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।